हॉलीवुड एक्टर रयान रेनॉल्ड्स अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाने वाले रयान ने हाल ही में अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर किसी की भी हंसी छूट सकती है। यह घटना उनके बचपन की है, जब वह एक लड़की को पसंद करते थे और उसे इम्प्रेस करने के चक्कर में ऐसी स्थिति में फंस गए कि उन्हें काफी शर्मिंदगी उठानी पड़ी।
दरअसल, रयान रेनॉल्ड्स का एक पुराना इंटरव्यू क्लिप एक बार फिर चर्चा में है। इसमें उन्होंने बताया कि बचपन में वह एक लड़की को बेहद पसंद करते थे। वह लड़की उनके घर के दूसरी तरफ से बस में सफर करती थी। ऐसे में रयान भी सिर्फ उसके करीब बैठने के लिए उसी बस में चढ़ जाते थे। वह करीब 45 मिनट तक बस में सफर करते थे, ताकि उस लड़की के आसपास रह सकें।
रयान ने बताया कि उस समय उन्हें यह सब काफी क्यूट लगता था, लेकिन अब बड़े होने के बाद जब वह इस घटना को याद करते हैं तो उन्हें एहसास होता है कि यह कुछ हद तक पीछा करने जैसा था। उन्होंने बताया कि एक दिन बस से उतरते समय उन्होंने उस लड़की को इम्प्रेस करने के लिए एक खास अंदाज अपनाने की कोशिश की।
एक्टर के मुताबिक, वह बस से उतरते हुए किसी फिल्मी हीरो की तरह स्टाइलिश दिखना चाहते थे। इसी कोशिश में उन्होंने उतरने में थोड़ी ज्यादा देर कर दी। तभी बस के दरवाजे उनके बैकपैक पर बंद हो गए। इतना ही नहीं, बस भी आगे बढ़ने लगी। रयान ने बताया कि उस वक्त वह बस के किनारे को जोर-जोर से धक्का देने लगे, ताकि ड्राइवर का ध्यान उनकी तरफ जाए।
आखिरकार बस ड्राइवर ने वाहन रोका और दरवाजा खोल दिया। इसके बाद रयान ने अपना बैकपैक निकाला और बस से बाहर आ गए। लेकिन इस पूरी घटना के दौरान सबसे ज्यादा शर्मिंदगी उन्हें उस लड़की के सामने महसूस हुई, जिसे वह इम्प्रेस करना चाहते थे। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह काफी समय तक उस लड़की की तरफ दोबारा देखने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
रयान रेनॉल्ड्स का फिल्मी सफर
रयान रेनॉल्ड्स का जन्म कनाडा के वैंकूवर में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्हें शुरुआती पहचान टीन ड्रामा सीरीज ‘हिलसाइड’ से मिली। इसके बाद वह ‘टू गाइज एंड ए गर्ल’ जैसे टीवी शो में भी नजर आए।
फिल्मों की बात करें तो रयान ने ‘वैन वाइल्डर’, ‘द प्रपोजल’, ‘ब्लेड: ट्रिनिटी’, ‘ग्रीन लैंटर्न’ और ‘डेडपूल’ जैसी फिल्मों में काम किया है। खासतौर पर ‘डेडपूल’ फ्रेंचाइजी ने उन्हें दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई।
अपने अभिनय और बिजनेस से जुड़ी उपलब्धियों के चलते रयान का नाम कई प्रतिष्ठित सूचियों में भी शामिल हो चुका है। साल 2017 में उन्हें टाइम मैगजीन की 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में जगह मिली थी। आज रयान हॉलीवुड के लोकप्रिय सितारों में गिने जाते हैं। हालांकि, उनका यह बचपन का किस्सा दिखाता है कि पर्दे पर आत्मविश्वास से भरे नजर आने वाले सितारों के पास भी कुछ ऐसी यादें होती हैं, जिन्हें याद करके वे खुद शर्मिंदा हो जाते हैं।