आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की बहुप्रतीक्षित स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड फिल्म है, जिसमें दोनों अभिनेत्रियां दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगी। फिल्म के ट्रेलर और टीजर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है, जिसके बाद इसकी ओपनिंग को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
पहले दिन कितनी हो सकती है कमाई?
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘अल्फा’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत कर सकती है। विभिन्न ट्रेड अनुमानों के मुताबिक फिल्म की ओपनिंग 4.5 करोड़ से 7.5 करोड़ रुपये के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है। यदि फिल्म 6 से 7 करोड़ रुपये के आसपास कारोबार करती है, तो यह इस साल रिलीज हुई कई फिल्मों की पहले दिन की कमाई को पीछे छोड़ सकती है। हालांकि वास्तविक आंकड़े रिलीज के बाद ही सामने आएंगे।
कई फिल्मों का रिकॉर्ड टूट सकता है
अगर ‘अल्फा’ उम्मीद के मुताबिक 6.5 से 7 करोड़ रुपये तक की ओपनिंग करती है, तो यह ‘हॉन्टेड 3डी’, ‘भारत भाग्य विधाता’, ‘गवर्नर’, ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘पेद्दी’ (हिंदी), ‘चांद मेरा दिल’, ‘पति पत्नी और वो दो’, ‘बंदर’ और ‘दादी की शादी’ जैसी फिल्मों की पहले दिन की कमाई को पीछे छोड़ सकती है। वहीं ‘इक्कीस’ की 7 करोड़ रुपये की ओपनिंग के आंकड़े को भी चुनौती मिल सकती है।
रनटाइम और सर्टिफिकेशन
फिल्म को सीबीएफसी ने UA 16+ सर्टिफिकेट दिया है। इसका आधिकारिक रनटाइम 140 मिनट 48 सेकंड यानी करीब 2 घंटे 20 मिनट है। पहले हाफ की अवधि लगभग 73 मिनट और दूसरा हाफ 67 मिनट का है। सेंसर बोर्ड ने कुछ हिंसक दृश्यों और संवादों में मामूली बदलाव के बाद फिल्म को मंजूरी दी है।
दमदार स्टारकास्ट बढ़ाएगी रोमांच
‘अल्फा’ का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं सुपरस्टार ऋतिक रोशन का कैमियो भी फिल्म का बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। स्पाई-थ्रिलर, हाई-ऑक्टेन एक्शन और दमदार स्टारकास्ट के कारण फिल्म से दर्शकों और ट्रेड दोनों को काफी उम्मीदें हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद ‘अल्फा’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।