बिग बॉस के घर में कनिका मान हमेशा से अपने बेबाक और चुलबुले अंदाज के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में वीकेंड का वार के दौरान कनिका ने सलमान खान के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि घर में कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्हें उनका मस्तीभरा और चुलबुला अंदाज पसंद नहीं है। ऐसे में वे चाह रहे हैं कि कनिका अपने व्यवहार में बदलाव करें। हालांकि, सलमान खान ने कनिका को खुद को बदलने के बजाय जैसी हैं, वैसी ही रहने की सलाह दी।
सलमान से बातचीत के दौरान कनिका ने बताया कि घर के कुछ सदस्य उनके फन-लविंग और चुलबुले स्वभाव से सहज नहीं हैं। इस पर सलमान ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, “आप जैसे चल रही हो, आपको जैसे चलना है वही चलिए। जो भी आपको करना है वो लहराते हुए करो।”
सलमान की बातों से साफ था कि कनिका को दूसरों की पसंद के हिसाब से अपनी पर्सनैलिटी बदलने की जरूरत नहीं है। उनका जवाब कनिका के आत्मविश्वास और उनकी अलग पहचान को सपोर्ट करता नजर आया। बिग बॉस के घर में अपने बेबाक अंदाज और खुलकर अपनी बात रखने की वजह से कनिका लगातार चर्चा में बनी हुई हैं।
कनिका पहले भी कई मौकों पर यह साफ कर चुकी हैं कि उन्हें पता है कि उन्हें घर में किस तरह रहना है। किसी मुद्दे पर असहमति होने पर वह अपनी बात मजबूती से रखने से पीछे नहीं हटतीं। घर में लगातार हो रहे हस्तक्षेप पर भी कनिका ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
युंग के साथ हुई उनकी बहस के दौरान भी कनिका ने अपने पक्ष को मजबूती से रखा। उन्होंने कहा, “मैं ही थी जिसने सबसे पहले रूल्स पढ़े थे और मैं यहां सब रूल्स फॉलो करती हूं।” कनिका ने आगे यह भी कहा कि वह जानती हैं कि उन्हें कैसे रहना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने सिर्फ कुछ सेकंड के लिए अपनी आंखें बंद की थीं, लेकिन इस पर भी उन्हें टोका जाने लगा।
सलमान खान से मिले इस सपोर्ट के बाद कनिका का कॉन्फिडेंस और मजबूत होता नजर आया। बिग बॉस के घर में उनका बेबाक, चुलबुला और अपनी बात पर कायम रहने वाला अंदाज उनकी पर्सनैलिटी की सबसे खास बातों में शामिल है।