‘Bigg Boss 20’ के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच जहां लगातार लड़ाई और ड्रामा देखने को मिल रहा है, वहीं अब निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे भी चर्चा में हैं। एक्ट्रेस ईशा रिक्की ने साथी कंटेस्टेंट कनिका मान से बातचीत के दौरान अपने पुराने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। ईशा ने दावा किया कि उन्हें रिश्ते में फिजिकल, इमोशनल और सोशल तीनों तरह की चीटिंग का सामना करना पड़ा।
कनिका ने ईशा से पूछा कि उनके साथ हुई चीटिंग फिजिकल थी या इमोशनल? इस पर ईशा ने कहा कि यह सब कुछ था। उन्होंने बताया कि वह आमतौर पर किसी के बारे में लगे आरोपों पर तब तक भरोसा नहीं करतीं, जब तक उन्हें खुद सच्चाई नजर न आ जाए।
हालांकि, ईशा के मुताबिक रिश्ते के खत्म होने के बाद उन्हें असलियत समझ आई। उन्होंने कहा कि तभी उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें पूरे समय ‘प्ले’ किया जा रहा था।
ईशा ने रिश्ते को बताया ‘बहुत टॉक्सिक’
कनिका से बातचीत में ईशा ने अपने उस रिश्ते को ‘बहुत टॉक्सिक’ बताया। उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति उन्हें अपना बेस्ट फ्रेंड महसूस कराने के लिए कुछ खास जगहों पर ले जाता था और चुनिंदा लोगों से मिलवाता था।
बाद में ईशा को एहसास हुआ कि उन्हें सिर्फ एक खास सोशल सर्कल से मिलवाया गया था। उनके मुताबिक, उस व्यक्ति के पास अलग-अलग समय पर कई ऐसे लोग थे, जिन्हें वह ‘बेस्ट फ्रेंड’ बताता था।
कनिका ने जब पूछा कि क्या वहां बहुत सारे बेस्ट फ्रेंड्स थे, तो ईशा ने इशारा किया कि कुछ लोग दोस्ती का नाम लेकर किसी को अपने करीब रखते हैं, लेकिन वास्तव में रिश्ते को लेकर कमिटेड नहीं होते।
‘सब कुछ सुविधा के हिसाब से था’
ईशा ने आगे बताया कि उन्हें लगा कि उस व्यक्ति का व्यवहार पूरी तरह सुविधा पर आधारित था। उनके अनुसार, वह लोगों को इसलिए अपने आसपास रखना चाहता था क्योंकि हर व्यक्ति से उसे कुछ ऐसा मिल रहा था, जो उसे कहीं और आसानी से नहीं मिल सकता था।
ईशा की ये बातें उस समय सामने आई हैं, जब कुछ दिन पहले उन्होंने और रैपर बादशाह ने एक जॉइंट स्टेटमेंट के जरिए अपने अलग होने की घोषणा की थी। दोनों ने कहा था कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है और अपनी निजी जिंदगी को लेकर प्राइवेसी की अपील की थी।
हालांकि, ‘Bigg Boss 20’ में बातचीत के दौरान ईशा ने किसी का नाम नहीं लिया। उनके बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बादशाह को लेकर अटकलें जरूर लगाई जा रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स ने भी उनके बयानों को हाल ही में खत्म हुए रिश्ते से जोड़ा है, लेकिन ईशा ने खुद उस बातचीत में संबंधित व्यक्ति का नाम नहीं लिया।
‘Bigg Boss 20’ में ईशा के इस खुलासे ने उनके पुराने रिश्ते और हालिया अलगाव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।