कलर्स का ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा – जोड़ियों का रियलिटी चेक’ सेलिब्रिटी कपल्स की नई जोड़ी, बड़े चैलेंज और रिश्तों के ड्रामे की एक नई खुराक के साथ वापस आ गया है! पहले सीजन में अपनी पहचान बनाने के बाद, यह शो अब टीवी की कुछ पसंदीदा जोड़ियों को एक असली रियलिटी चेक देने के लिए लौट रहा है। इसमें उनके रियल-लाइफ केमिस्ट्री, नोक-झोंक, आदतों, राज़ और रिश्ते की अनोखी बॉन्डिंग को सामने लाया जाएगा। सेलिब्रिटी कपल्स की नई लाइन-अप के साथ शो दर्शकों को उनके रिश्तों की एक मजेदार झलक देने का वादा करता है, जहां वे अलग-अलग चैलेंज का सामना करेंगे, अपनी पर्सनैलिटी दिखाएंगे और अपने रिश्ते को एक कड़े इम्तिहान से गुजरते हुए देखेंगे। अपने कई सालों के प्यार, हंसी-मजाक और साथ को शो में लेकर आ रहे अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी दर्शकों को अपने खास रिश्ते की एक करीबी झलक देने के लिए तैयार हैं। दोनों अपने रोजमर्रा के मजाक और नोक-झोंक को कई मजेदार चैलेंज और रिलेशनशिप रियलिटी चेक में बदलते नजर आएंगे।
अर्चना पूरन सिंह कहती हैं, “परमीत और मैंने एक-दूसरे को चुनकर परंपराओं को चुनौती दी है, तब भी जब यह सबसे आसान या स्वाभाविक रास्ता नहीं था। इन सालों में हमारा यह फैसला प्यार, दोस्ती, समझदारी और निश्चित रूप से ढेर सारी पंगेबाजी पर आधारित पार्टनरशिप में बदल गया है! अब, तीन दशक से ज्यादा समय साथ बिताने के बाद, हम इस रिश्ते को ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ में लेकर आ रहे हैं, जहां हमारी पार्टनरशिप कुछ अलग और उम्मीद है कि बहुत ही मजेदार चैलेंज का सामना करेगी। लोगों ने अक्सर हमें स्क्रीन पर अच्छी बॉन्डिंग और खूब हंसी-मजाक करते देखा है और यह हमारे लिए काफी स्वाभाविक है। परमीत का सेंस ऑफ ह्यूमर काफी अलग है और मेरी हंसी तो लगभग खुद एक किरदार बन चुकी है! लेकिन इस शो में दर्शकों को हमारे हर पहलू को देखने का मौका मिलेगा — प्यार, असहमति, नोक-झोंक और इनके बीच की हर चीज। यहां दिखावा नहीं होगा और बहुत कम चीजें फिल्टर की जाएंगी। हम 34 साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे के धैर्य की परीक्षा ले रहे हैं, इसलिए हमारी पंगेबाजी असल में रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है! हम दर्शकों को इस पागलपन का हिस्सा बनाने और इस सफर में खूब मजा करने के लिए उत्साहित हैं।”
परमीत सेठी कहते हैं, “34 साल पहले अर्चना और मैंने एक-दूसरे पर भरोसा करते हुए साथ जिंदगी बनाने का फैसला किया था। तब से हमने कई खूबसूरत पड़ाव साथ देखे हैं, एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है और सबसे जरूरी बात, हमने साथ मिलकर जिंदगी में हंसना सीखा है। ‘धमाल विद पति पत्नी और पंगा’ एक और नए एडवेंचर जैसा लगता है — फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार हमारे सामने चैलेंज, कैमरे और हमें इन चैलेंज का सामना करते हुए देखने वाले दर्शक भी होंगे! अर्चना जब किसी चीज को करने की ठान लेती हैं तो वह बेहद दृढ़ हो जाती हैं, जबकि मैं आमतौर पर ज्यादा शांत रहता हूं, इसलिए मुझे यकीन है कि शो में हमारी वही पुरानी नोक-झोंक और असहमति देखने को मिलेगी। तीन दशक से ज्यादा समय साथ बिताने के बाद हमने समझा है कि आप एक-दूसरे से असहमत हो सकते हैं, एक-दूसरे को चिढ़ा सकते हैं, एक-दूसरे को थोड़ा पागल कर सकते हैं और फिर भी पूरी तरह एक-दूसरे के साथ खड़े रह सकते हैं। हम यही डायनेमिक शो में लेकर आ रहे हैं। हम साथ मिलकर चैलेंज लेने, खूब मस्ती करने और उम्मीद है कि दर्शकों को हंसी-मजाक के पीछे छिपे हमारे असली रिश्ते की झलक दिखाने के लिए उत्साहित हैं।”