मुंबई: अभिनेता और सिंगर आयुष्मान खुराना ने मेगास्टार अमिताभ बच्चन को खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी। पॉपुलर क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के बर्थडे स्पेशल वीक में पहुंचे आयुष्मान ने अपने पुराने रेडियो जॉकी वाले अंदाज को फिर से दिखाया और अमिताभ बच्चन का अनोखे अंदाज में परिचय कराया।
अमिताभ बच्चन के बर्थडे वीक सेलिब्रेशन के मौके पर आयुष्मान ने स्टेज पर रेडियो फॉर्मेट में बिग बी का इंट्रोडक्शन दिया। उन्होंने कहा, “रेडियो अंदाज में आपका इंट्रोडक्शन दिया जाए… KBC Radio पर, ‘मान ना मान, मैं हूं आपका आयुष्मान!’ This is Amitabh Bachchan’s Birthday Week, so coming up next on AB 84.0, stay tuned.”
इसके बाद आयुष्मान ने अमिताभ बच्चन के लिए सदाबहार रोमांटिक गाने ‘कभी कभी मेरे दिल में खयाल आता है’ को अपनी आवाज में पेश किया। उनकी इस परफॉर्मेंस ने शो पर मौजूद दर्शकों और मेहमानों के लिए एक खास पल बना दिया।
आयुष्मान खुराना अपनी को-स्टार और अभिनेत्री सारा अली खान के साथ क्विज शो में पहुंचे थे। दोनों अपनी फिल्म ‘उड़ता तीर’ को प्रमोट करने के लिए शो का हिस्सा बने।
बता दें कि ‘कभी कभी मेरे दिल में खयाल आता है’ साल 1976 में रिलीज हुई फिल्म ‘कभी कभी’ का मशहूर गाना है। इसे खय्याम ने कंपोज किया था, जबकि इसके बोल साहिर लुधियानवी ने लिखे थे। फिल्म में यह गाना अमिताभ बच्चन और राखी पर फिल्माया गया था और आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार रोमांटिक गानों में गिना जाता है।