LINK: https://www.instagram.com/reel/DeyPJSJD3zJ/?xtok=MWhraGpyem92M2ZxMg==
मुंबई: एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने सिंगर अभिजीत सावंत की मुस्कान की तारीफ करते हुए पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं। Sony Entertainment Television के सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ के मंच पर दोनों की मुलाकात हुई। इस दौरान शिल्पा ने कहा कि 22 साल बीत जाने के बाद भी अभिजीत की मुस्कान आज भी उतनी ही प्यारी है। इस खास मुलाकात ने शो के पहले सीजन से जुड़ी यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया।
दरअसल, शो के दौरान पहले सीजन का एक पुराना वीडियो दिखाया गया, जिसमें शिल्पा शेट्टी युवा अभिजीत सावंत की मुस्कान की तारीफ करती नजर आई थीं। उस समय उन्होंने कहा था, “मुझे आपकी मुस्कान बहुत पसंद है। यह बेहद सुकून देने वाली है।”
इस पुराने पल को याद करते हुए अभिजीत ने बताया कि ‘इंडियन आइडल’ का पहला सीजन जीतने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। उन्होंने कहा, “उसके बाद जो लाइफ चेंज हुई है… पूरी सोसाइटी बोलती थी, ‘यार, तू बहुत अच्छा स्माइल करता है।’”
इसके बाद शिल्पा ने अभिजीत से दोबारा मुलाकात के दौरान कहा, “22 साल हो गए, आपकी स्माइल अभी भी उतनी ही अच्छी है।” शिल्पा की इस बात ने मंच पर मौजूद लोगों को पुराने दिनों की याद दिला दी।
अभिजीत सावंत और चेतना भारद्वाज की परफॉर्मेंस ने जीता दिल
एपिसोड में संगीत का रंग भी देखने को मिला। अभिजीत सावंत और चेतना भारद्वाज ने फिल्म ‘ऐतराज’ के मशहूर गाने ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ को अपनी आवाज में पेश किया। दोनों की सुरीली परफॉर्मेंस ने माहौल को संगीतमय बना दिया।
उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर शो के जज और मशहूर संगीतकार हिमेश रेशमिया ने दोनों की तारीफ की। उन्होंने कहा, “दोनों ने कमाल किया है… ब्यूटीफुल!”
‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ में दिख रहा है पुराने सितारों का जलवा
‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ में शो के अलग-अलग सीजन से जुड़े लोकप्रिय सिंगर्स एक बार फिर मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। इस बार 12 जोड़ियां एक-दूसरे को टक्कर दे रही हैं। शो में हिमेश रेशमिया सुपरस्टार जज के रूप में लौटे हैं, जबकि आदित्य नारायण इसकी मेजबानी कर रहे हैं।
शो की थीम ‘सिर्फ एक बार जीतना काफी नहीं होता, बार-बार जीतना पड़ता है’ के साथ पुराने विजेताओं और चर्चित प्रतिभागियों को दोबारा अपनी गायकी साबित करने का मौका मिल रहा है। इसमें अभिजीत सावंत, अमित सना, सलमान अली और सायली कांबले जैसे सिंगर्स शामिल हैं।
‘इंडियन आइडल लीजेंड्स रिटर्न’ हर शनिवार और रविवार को Sony Entertainment Television पर प्रसारित होता है। शिल्पा शेट्टी और अभिजीत सावंत की यह मुलाकात शो के यादगार पलों में शामिल हो गई है, जिसने दर्शकों को एक बार फिर ‘इंडियन आइडल’ के पुराने दिनों की याद दिला दी।