https://www.instagram.com/reel/Dfra4Z7zKC4/?mdxt=MXBmdjk2cjE3a3JjYg==
कॉमेडियन और एक्टर भुवन बाम एक बार फिर अपने मजेदार किरदारों के साथ दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। उनकी पॉपुलर सीरीज ‘ढिंढोरा’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। Netflix ने सीजन 2 की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह सीरीज 20 नवंबर 2026 से स्ट्रीम होगी। इस बार भी भुवन बाम एक साथ परिवार के कई किरदार निभाते नजर आएंगे। वहीं, एक्ट्रेस संजीदा शेख की एंट्री कहानी को और दिलचस्प बनाने वाली है।
‘ढिंढोरा 2’ में एक बार फिर टीटू मामा अपनी अजीबोगरीब परेशानियों के साथ लौट रहे हैं। टीटू मामा की जिंदगी में एक मुसीबत खत्म नहीं होती कि दूसरी सामने आ जाती है। इस बार उन पर 11 करोड़ रुपये के नुकसान का बोझ है और परिवार के रिश्ते भी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में टीटू मामा अपने ससुराल वालों के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी यह कोशिश एक नई मुसीबत खड़ी कर देती है। अब सवाल यह है कि क्या टीटू मामा को खजाना मिलेगा या उनके हाथ सिर्फ परेशानियां आएंगी?
इस सीजन में भुवन बाम टीटू मामा के अलावा बबलू जी, जानकी, समीर और बंचो जैसे किरदारों में भी नजर आएंगे। वहीं, कहानी में एक नया और खास किरदार कविता मामी का जुड़ने वाला है, जिसे संजीदा शेख निभा रही हैं। कविता मामी टीटू मामा की पत्नी हैं और उनके सामने टीटू मामा की कोई भी चाल ज्यादा देर तक नहीं चलने वाली।
भुवन बाम ने सीरीज को लेकर कहा कि जब उन्होंने पहली बार इन किरदारों को बनाया था, तब उनका मकसद ऐसे किरदार पेश करना था, जो भले ही थोड़े अलग और मजेदार हों, लेकिन दर्शकों को अपने जैसे लगें। टीटू मामा हमेशा ऐसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं, जिनमें वह कभी पड़ना ही नहीं चाहते। इस बार वह अपने ससुराल वालों के साथ रिश्ते सुधारने निकले हैं, लेकिन इसमें भी कई तरह की मुश्किलें आने वाली हैं।
भुवन ने आगे बताया कि Netflix के साथ जुड़ने से उन्हें BB Ki Vines की दुनिया को बड़े स्तर पर पेश करने का मौका मिला है। इस बार कहानी में कॉमेडी और भी ज्यादा होगी। वह दर्शकों को टीटू मामा की वापसी दिखाने के लिए काफी उत्साहित हैं।
वहीं, कविता मामी का किरदार निभाने वाली संजीदा शेख ने कहा कि उन्हें इस किरदार की सबसे खास बात यह लगी कि वह टीटू मामा के सामने अपनी बात मजबूती से रखती हैं। टीटू मामा के पास हर बात का कोई न कोई बहाना और जवाब तैयार रहता है, लेकिन कविता मामी उनकी असलियत अच्छी तरह समझती हैं। भुवन के साथ इस किरदार की केमिस्ट्री पर काम करना उनके लिए काफी मजेदार रहा।
सीरीज की डायरेक्टर स्नेहा शेट्टी कोहली ने बताया कि इस सीजन में पहले से पसंद की जाने वाली दुनिया को नए अंदाज, बड़े स्तर और अलग ऊर्जा के साथ पेश करने की कोशिश की गई है। उनके लिए इस प्रोजेक्ट के जरिए निर्देशन की शुरुआत करना भी बेहद खास अनुभव रहा। सीरीज में अजीबोगरीब एक्शन सीक्वेंस, रंगीन गाने और डांस के साथ नए किरदारों को भी शामिल किया गया है।
बता दें कि ‘ढिंढोरा 2’ का निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है। इसकी कहानी भुवन बाम, अब्बास दलाल, हुसैन दलाल, चेतन डांगे, गोपाल दत्त, शुभम दुबे और अनंत दुबे ने लिखी है। वहीं, इसे रोहित राज और भुवन बाम ने प्रोड्यूस किया है।
डिजिटल दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने के बाद अब ‘ढिंढोरा’ Netflix पर बड़े स्तर पर वापसी कर रही है। कविता मामी की एंट्री के बाद टीटू मामा और उनके ससुराल की कहानी में कितना धमाल मचेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। सीरीज 20 नवंबर 2026 से सिर्फ Netflix पर स्ट्रीम होगी।