टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर अपने अभिनय करियर को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वह सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में तुलसी विरानी के किरदार के साथ टीवी पर लौटी थीं। शो कुछ हफ्ते पहले खत्म हो चुका है और अब स्मृति अपने राजनीतिक कामों पर ध्यान दे रही हैं। हालांकि, इस बार वह एक्टिंग से दूरी बनाने के मूड में नहीं हैं। बल्कि वह अब कुछ ऐसे किरदार निभाना चाहती हैं, जो उनके पुराने किरदारों से बिल्कुल अलग हों।
द टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने बताया कि वह आगे किस तरह के रोल करना पसंद करेंगी। उन्होंने कहा कि वह ग्रे शेड्स वाले किरदार, विलेन और अजीबोगरीब स्वभाव वाली महिलाओं का रोल निभाने के लिए भी तैयार हैं। स्मृति चाहती हैं कि अपने नए किरदारों के जरिए वह दर्शकों को सरप्राइज कर सकें और अपनी एक्टिंग के नए पहलुओं को सामने ला सकें।
नेगेटिव और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाना चाहती हैं स्मृति
अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर बात करते हुए स्मृति ने कहा, “मैं अब लोगों को सरप्राइज करना चाहूंगी। मुझे मजेदार किरदार दीजिए, मुझे अप्रिय स्वभाव वाला किरदार दीजिए। कोई ग्रे कैरेक्टर, विलेन, अजीबोगरीब महिला, कोई ऐसा इंसान जिसमें कई कमियां हों या फिर कोई बिल्कुल साधारण किरदार। जिंदगी के इस पड़ाव पर मुझे अपनी इमेज बचाने की जरूरत नहीं है। मैं यह जानना चाहती हूं कि मैं और क्या-क्या कर सकती हूं।”
स्मृति के मुताबिक, तुलसी विरानी के किरदार से उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है, लेकिन अब वह हर किरदार में दर्शकों की पसंद या मंजूरी को जरूरी नहीं मानतीं। उनका मानना है कि एक कलाकार का काम अपने किरदार को समझना और उसे पर्दे पर वास्तविक तरीके से पेश करना है, न कि उस किरदार के सही या गलत होने का फैसला करना।
एक्टिंग को लेकर बदला नजरिया
स्मृति ने यह भी बताया कि समय के साथ एक्टिंग को लेकर उनका नजरिया बदला है। उनके अनुसार, किसी किरदार को निभाने के लिए जरूरी नहीं कि कलाकार उसके विचारों या कामों का समर्थन करे। बल्कि उसे उस किरदार की सोच और परिस्थितियों को इतनी अच्छी तरह समझना चाहिए कि दर्शकों को उसका अभिनय वास्तविक लगे।
उन्होंने माना कि जिंदगी के अलग-अलग अनुभवों ने भी उन्हें एक कलाकार के तौर पर बेहतर समझ दी है। सालों में मिले अनुभवों के कारण अब वह लोगों और उनके व्यवहार को पहले से अलग नजरिए से देख पाती हैं।
सोशल मीडिया की आलोचना पर भी रखी राय
इंटरव्यू के दौरान स्मृति ने आलोचना और सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में बिताए सालों ने उन्हें आलोचना और क्रूरता के बीच अंतर समझना सिखाया है। लोगों को उनके काम और फैसलों पर सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी के साथ बुरा व्यवहार किया जाए।
फिलहाल, स्मृति ईरानी के इस बयान के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि तुलसी विरानी के यादगार किरदार के बाद वह किस नए और चुनौतीपूर्ण अवतार में नजर आती हैं।