असित कुमार मोदी के लोकप्रिय शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा के आने वाले एपिसोड में गोकुलधाम सोसाइटी के लोगों के साथ एक बार फिर मजेदार उलझन देखने को मिलेगी। सभी निवासी रतन और रूपा के घर पर राजस्थानी दावत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनका यह प्लान अचानक मुश्किल में पड़ जाता है।
दरअसल, पोपटलाल जेठालाल के घर पहुंचकर चंपक चाचा से पूछते हैं कि क्या वह तैयार हैं। तारक मेहता और अंजलि भी इस दावत में शामिल होने वाले हैं। इस बीच पोपटलाल सभी को ज्यादा खुश न होने की सलाह देते हैं। वह मजाक में कहते हैं कि जब भी गोकुलधाम के लोग बहुत खुश होते हैं, तब कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर हो जाती है।
इसके बाद सभी निवासी राजस्थानी खाने का लुत्फ उठाने के लिए रतन और रूपा के घर पहुंचते हैं, लेकिन वहां पहुंचकर उन्हें दरवाजे पर ताला लगा मिलता है। घर पर किसी के मौजूद न होने से सभी हैरान रह जाते हैं। आखिर रतन और रूपा अचानक कहां चले गए? इस बात को लेकर सोसाइटी के लोगों की चिंता बढ़ जाती है।
https://www.youtube.com/watch?v=EC6Mhd94K3s
वहीं, हाथी पोपटलाल को इस पूरी गड़बड़ी का जिम्मेदार ठहराते हैं। उनका मानना है कि पोपटलाल की बातों ने ही इस दावत को नजर लगा दी। इसके बाद हाथी एक अजीबोगरीब सुझाव देते हैं। वह कहते हैं कि अगर रतन और रूपा बिना किसी को बताए कहीं चले गए हैं, तो पूरी सोसाइटी को एक हफ्ते तक उनसे बात नहीं करनी चाहिए।
हालांकि, जब रतन और रूपा के घर का दरवाजा नहीं खुलता तो रोशन सभी को अपने-अपने घर जाकर खाना बनाने की सलाह देती हैं। लेकिन अंजलि एक दूसरा सुझाव देती हैं। वह सभी को अपने घर डिनर के लिए बुलाती हैं। उनकी बात सुनकर बाकी निवासी थोड़े असहज हो जाते हैं, क्योंकि अंजलि के हेल्दी खाने का स्वाद अक्सर बाकी लोगों की पसंद से काफी अलग होता है।
ऐसे में चंपक चाचा सभी को पहले नीचे चलने और फिर आगे का फैसला लेने की सलाह देते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि गोकुलधाम के लोगों को आखिरकार राजस्थानी दावत का स्वाद चखने को मिलता है या फिर उनका डिनर प्लान एक बार फिर बदल जाता है।
देखना न भूलें तारक मेहता का उल्टा चश्मा, आज रात 8:30 बजे, सिर्फ Sony SAB पर।