Namit Malhotra की महत्वाकांक्षी फिल्म Ramayana लगातार चर्चा में बनी हुई है। हालांकि, इस बार फिल्म से जुड़ी चर्चा इसकी स्टारकास्ट या बजट को लेकर नहीं, बल्कि एक आर्टिस्ट के अनुभव को लेकर हो रही है। Environmental Modeling Artist Rahul Dhanwe ने LinkedIn पर एक पोस्ट शेयर कर DNEG में काम करने के अपने अनुभव और कंपनी के रवैये पर नाराजगी जाहिर की है।
Rahul ने अपनी पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा, “Well played, Namit Malhotra and The Ramayana World. Really well played!” उन्होंने बताया कि उन्होंने DNEG में कुल 4.6 साल काम किया, जिसमें से आखिरी दो साल Ramayana प्रोजेक्ट को दिए।
Rahul के मुताबिक, कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट ने मुश्किल दौर में कर्मचारियों से बार-बार सपोर्ट करने की अपील की थी और उन्होंने भी पूरी ईमानदारी से कंपनी का साथ दिया। हालांकि, उनका दावा है कि चार साल से ज्यादा समय तक काम करने के बावजूद उन्हें एक बार भी सैलरी इंक्रीमेंट नहीं मिला। उन्हें उम्मीद थी कि समय के साथ हालात बेहतर होंगे, लेकिन इसके बजाय उन्हें लेऑफ का सामना करना पड़ा।
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी का साथ देने के बदले उन्हें किसी खास इनाम की उम्मीद नहीं थी, लेकिन अपने करियर के 4.6 साल देने के बाद इस तरह के व्यवहार की उम्मीद बिल्कुल नहीं थी।
Ramayana में अपने योगदान के बारे में बात करते हुए Rahul ने कहा कि पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट के लिए दो साल तक अपनी मेहनत, स्किल्स और डेडिकेशन दिया। इस दौरान कलाकारों ने कई निजी त्याग भी किए। इसके बावजूद फिल्म की भविष्य की सफलता या मुनाफे में उनकी कोई हिस्सेदारी नहीं होगी। उन्होंने अपने अनुभव को ऐसा बताया, जैसे उन्होंने किसी चैरिटी के लिए काम किया हो।
Rahul ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि क्या सिर्फ इसलिए कलाकारों को इस्तेमाल करके छोड़ दिया जाना चाहिए, क्योंकि कंपनियां बिजनेस के लिए काम करती हैं? उन्होंने DNEG में बिताए अपने 4.6 साल को प्रोफेशनल जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा बताया। उनका मानना है कि अगर उन्होंने ये साल किसी दूसरी जगह बिताए होते, तो वह अपने करियर में प्रोफेशनली, फाइनेंशियली और क्रिएटिव तौर पर कहीं ज्यादा आगे बढ़ सकते थे।
उन्होंने Ramayana Part 2 पर काम कर रहे कलाकारों को लेकर भी चिंता जाहिर की और उम्मीद जताई कि उन्हें ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
अपनी पोस्ट के आखिर में Rahul ने DNEG में काम करने के अनुभव को अपनी प्रोफेशनल जिंदगी का सबसे खराब स्टूडियो एक्सपीरियंस बताया। साथ ही उन्होंने कंपनियों द्वारा कलाकारों के साथ किए जाने वाले व्यवहार पर निराशा जाहिर की। उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के काम, मेहनत और उनके साथ होने वाले व्यवहार को लेकर एक नई बहस शुरू हो सकती है।