27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म Gunmaaster G9 को लेकर अभिनेत्री, लेखिका और कंटेंट क्रिएटर स्नेहिल दीक्षित मेहरा, जिन्हें BC Aunty के नाम से जाना जाता है, काफी उत्साहित हैं। फिल्म में वह सुधा बुआ का किरदार निभा रही हैं। इस मसाला एंटरटेनर में स्नेहिल अपने खास कॉमिक अंदाज के साथ नजर आएंगी, जो फिल्म की बड़ी और मनोरंजक कहानी में एक नया ट्विस्ट लेकर आएगा।
फिल्म की रिलीज को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए स्नेहिल कहती हैं, “जब आप किसी फिल्म का हिस्सा होते हैं और वह आखिरकार दर्शकों तक पहुंचने वाली होती है, तो उसका एहसास बिल्कुल अलग होता है। Gunmaaster G9 मेरे लिए एक बेहद खास अनुभव रहा है। इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना जैसे कलाकारों वाली फिल्म का हिस्सा बनना, जिसे आदित्य दत्त ने निर्देशित किया है, मेरे लिए वाकई उत्साह की बात है। मैं इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक कल फिल्म देखें और उम्मीद है कि उन्हें सुधा बुआ का किरदार भी उतना ही पसंद आएगा, जितना मुझे इसे निभाने में मजा आया।”
यह फिल्म एक्शन, रोमांस, म्यूजिक, ड्रामा और कॉमेडी का मिश्रण है, जो दर्शकों को एक संपूर्ण सिनेमाई मनोरंजन देने का वादा करती है। इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की जोड़ी, अपारशक्ति खुराना की मौजूदगी और हिमेश रेशमिया का संगीत फिल्म को और खास बनाते हैं।
स्नेहिल ने अपने लोकप्रिय BC Aunty किरदार के जरिए एक्टिंग, राइटिंग, निर्देशन और डिजिटल कंटेंट की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उनका मानना है कि हर किरदार कुछ नया तलाशने का मौका देता है। ऐसे में Gunmaaster G9 की थिएटर रिलीज से पहले वह फिल्म के सफर को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक बड़े पर्दे पर इस मसाला एंटरटेनर को देखकर एक यादगार अनुभव हासिल करेंगे।