मुंबई। एकता कपूर आज अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर टीवी-बॉलीवुड के सितारें उन्हें बर्थडे विश कर रहे हैं। एकता कपूर का फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में सफर बेहद प्रेरणादायक और प्रभावशाली रहा है। वह भारत की सबसे सफल महिला निर्माताओं में गिनी जाती हैं।
एकता का जन्म 7 जून, 1975 में महाराष्ट्र के मुंबई में हुआ। एकता के पिता जितेंद्र अपने जमाने के मशहूर अभिनेता थे। वहीं, मां शोभा कपूर प्रोड्यूसर थीं। एकता कपूर ने छोटी उम्र से ही मीडिया में रुचि दिखानी शुरू कर दी थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में एक इंटर्न के तौर पर कैलाश सुरेंद्रनाथ के साथ की थी। 1994 में मात्र 19 वर्ष की उम्र में उन्होंने बालाजी टेलीफिल्म्स की स्थापना की। शुरुआती कुछ प्रोजेक्ट्स असफल रहे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
1990 के दशक के अंत और 2000 के शुरुआती वर्षों में उन्होंने भारतीय टेलीविजन को पूरी तरह बदल कर रख दिया। उनके लोकप्रिय टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कहानी घर घर की’, ‘कसौटी ज़िंदगी की’, ‘कहीं किसी रोज़’, ‘कुंडली भाग्य’, ‘कुमकुम भाग्य’, इन धारावाहिकों ने TRP की दुनिया में रिकॉर्ड बनाए और उन्हें “टीवी क्वीन” बना दिया। एकता ने टीवी से आगे बढ़कर फिल्मों में भी हाथ आजमाया।
OTT की दुनिया में जब बाकी प्रोड्यूसर एक्सपेरिमेंट करने से हिचक रहे थे, तब एकता ने ALT बालाजी लॉन्च किया। ‘लॉक अप’, ‘द मैरिड वुमन’ और ‘गंदी बात’ जैसे शो से उन्होंने ऐसी कहानियों को प्लेटफॉर्म दिया जिन्हें अक्सर चुप्पी में दबा दिया जाता था। एकता कपूर अब तक की इकलौती भारतीय महिला निर्माता हैं जिन्हें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड मिला है। इसके साथ ही उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया है। एकता कपूर ने पारंपरिक सोच को चुनौती देकर एक नई दिशा दिखाई है। वह एक ऐसी निर्माता हैं, जिन्होंने टीवी से लेकर सिनेमा और ओटीटी तक हर माध्यम में अपनी छाप छोड़ी है।
एकता कपूर ने शादी नहीं की है और सरोगेसी के ज़रिए एक बेटे रवि कपूर की मां हैं। बात करें तो एकता कपूर के नेटवर्थ की तो उनके प्रोडक्शन हाउस बालाजी प्रोडक्शन की वैल्यू करीब 400 करोड़ रुपए है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एकता की नेटवर्थ 95 करोड़ रुपये है। उनके पास कई लग्जरी गाड़ियां है। इसके अलावा एकता की देशभर में कई रियल एस्टेट प्रॉपर्टी हैं। एकता ने सब कुछ अपनी काबिलियत पर हासिल किया है।