मुंबई। करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का इंग्लैंड में निधन हो गया। वह 53 साल के थे। इस खबर से करिश्मा कपूर बुरी तरह से टूट गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संजय कपूर पोलो मैच खेल रहे थे, तभी उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। उन्होंने तुरंत मैदान छोड़ा, लेकिन थोड़ी ही देर में उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मैच के दौरान संजय कपूर के मुंह में एक मधुमक्खी चली गई थी, जिसके कारण गले में सूजन और फिर हार्ट अटैक आया।
निधन से पहले अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर किया था ट्वीट
एक्टर और लेखक सुहेल सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करके संजय के निधन की पुष्टि की और शोक व्यक्त किया। निधन से कुछ घंटे पहले संजय कपूर ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर ट्वीट किया था कि अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन घड़ी में शक्ति प्रदान करे।
एक्ट्रेस के घर पहुंचे करीना-सैफ और मलाइका
संजय की मौत की खबर के बाद बॉलीवुड से कई सितारे करिश्मा से मिलने उनके घर पहुंचे। करीना कपूर और उनके पति सैफ अली खान भी करिश्मा के घर नजर आए। इसके अलावा मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा भी देर रात करिश्मा के घर पहुंचीं।
2003 में हुई थी करिश्मा कपूर-संजय कपूर की शादी
संजय कपूर एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी। उनकी एक बेटी समायरा और बेटा कियान है। साल 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दी और 2016 में तलाक हो गया। इसके बाद 2017 में संजय ने मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की।