सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहने वाले यूट्यूबर अरमान मलिक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी फैमिली में आई नई खुशखबरी और उसके बाद दिया गया बयान है। अरमान मलिक पांचवीं बार पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी पायल ने बेटे को जन्म दिया है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। अरमान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह खुशी साझा की, लेकिन इसके बाद उनका एक वीडियो वायरल हो गया, जिसने नई बहस छेड़ दी।
पांचवीं बार पिता बनने की दी खुशखबरी
अरमान मलिक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर बताया कि उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। उन्होंने लिखा कि मां और बच्चा दोनों पूरी तरह ठीक हैं। इस खबर के सामने आते ही फैंस ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स ने नए मेहमान के लिए शुभकामनाएं दीं और परिवार के लिए खुशी जाहिर की।

हालांकि, खुशखबरी के तुरंत बाद अरमान ने एक वीडियो शेयर किया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। इस वीडियो में उन्होंने अपने परिवार को लेकर बड़ा बयान दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
“इतना बड़ा खानदान बनाऊंगा…” बयान हुआ वायरल
वायरल वीडियो में अरमान मलिक कहते नजर आए कि भले ही जिंदगी में ज्यादा बचत न हो, लेकिन वह इतना बड़ा परिवार बनाना चाहते हैं कि इतिहास में नाम लिया जाए। उन्होंने कहा कि लोग उनके घर के बड़े परिवार की मिसाल देंगे। यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

कुछ लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, जबकि कई यूजर्स ने इस पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने कहा कि परिवार बढ़ाने को लेकर इस तरह का बयान अजीब है। वहीं, कुछ ने उन्हें ट्रोल करते हुए कमेंट किया कि अब अगली खुशखबरी दूसरी पत्नी कृतिका से आ सकती है।
दो पत्नियों की वजह से चर्चा में रहते हैं अरमान
अरमान मलिक अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं। उन्होंने पहली शादी पायल से की थी, जो लव मैरिज थी। पायल और अरमान के पहले से तीन बच्चे थे और अब पायल ने एक और बेटे को जन्म दिया है।

बाद में अरमान को पायल की दोस्त कृतिका से प्यार हुआ और दोनों ने शादी कर ली। दूसरी शादी से भी उन्हें एक बेटा है, जिसका नाम जैद है। अरमान अपने दोनों पत्नियों और बच्चों के साथ चंडीगढ़ में रहते हैं और अक्सर अपने फैमिली व्लॉग्स सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।
विवादों से भी जुड़ा रहा है नाम
अरमान मलिक का नाम कई बार विवादों में भी आ चुका है। दो शादियों की वजह से उन पर पॉलिगैमी को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक पायल से शादी से पहले भी उन्होंने एक और शादी की थी, जिससे उनका एक बच्चा है। हालांकि बाद में वह उस रिश्ते से अलग हो गए थे।

यूट्यूब और सोशल मीडिया के अलावा अरमान मलिक को रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी में भी देखा जा चुका है, जहां उनकी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा हुई थी।
फिलहाल पांचवीं बार पिता बनने की खुशखबरी के साथ उनका वायरल बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां कुछ लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं, वहीं कई यूजर्स उनके बयान पर सवाल उठा रहे हैं।