कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज़ और तीखे ह्यूमर को लेकर सुर्खियों में हैं। अपने नए शो ‘स्टिल अलाइव’ में उन्होंने न सिर्फ ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ विवाद पर खुलकर बात की, बल्कि मजाक-मजाक में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन पर भी रोस्टिंग कमेंट कर दिया। मंच से कही गई उनकी यह बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस के बीच बहस छिड़ गई है।
समय रैना ने शो के दौरान बताया कि इंटरनेट पर दिखाई देने वाली पर्सनैलिटी हमेशा असली नहीं होती, बल्कि कई बार क्रिएटर्स एक किरदार निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब वे ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर पहुंचे थे, तब उन्होंने अपनी असली पर्सनैलिटी नहीं दिखाई थी। बल्कि उन्होंने खुद को ज्यादा अच्छा और सुलझा हुआ दिखाने के लिए कुछ बातें ऐसी भी कही थीं, जो उनके मुताबिक पूरी तरह सच नहीं थीं। उनका कहना था कि सार्वजनिक मंच पर लोग अपनी इमेज के हिसाब से व्यवहार करते हैं, ताकि दर्शकों की उम्मीदों पर खरे उतर सकें।
इसी बातचीत के दौरान समय ने एक मजाकिया लेकिन तीखा कमेंट भी साझा किया, जो उनके मुताबिक उस समय उनके दिमाग में आया था, लेकिन उन्होंने मंच पर नहीं कहा। उन्होंने कहा, “हॉट सीट पर बैठे हुए मेरे मन में कई अजीब ख्याल आ रहे थे, लेकिन मैंने उनसे थोड़ी कहा कि सर, आपने पोलियो की इतनी ऐड की है, फिर अपने बेटे को पैरों पर क्यों नहीं खड़ा कर पाए।” समय ने यह बात हल्के-फुल्के अंदाज़ में कही, लेकिन इस टिप्पणी ने शो में मौजूद दर्शकों को चौंका दिया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

समय रैना ने सिर्फ अमिताभ बच्चन ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य चर्चित नामों पर भी तंज कसा। उन्होंने यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया उर्फ बीयरबाइसेप्स की इमेज का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों की साफ-सुथरी छवि होती है, अगर वे अचानक अलग तरह की बातें करने लगें तो दर्शकों को वह स्वीकार नहीं होता। इसके साथ ही उन्होंने उन कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स पर भी निशाना साधा, जिन्होंने पहले उनके शो को लेकर आलोचना की थी।
अपने बयान में समय ने यह भी कहा कि इंटरनेट की दुनिया में ज्यादातर लोग एक रोल प्ले करते हैं। उनके मुताबिक अगर कॉमेडियन, एक्टर्स और इन्फ्लुएंसर्स अपनी असली सोच और व्यक्तित्व पूरी तरह सामने रख दें, तो रोज उनके खिलाफ विवाद खड़े हो सकते हैं और यहां तक कि एफआईआर भी दर्ज हो सकती है। इसलिए कंटेंट क्रिएटर्स अक्सर एक ऐसा किरदार गढ़ते हैं, जो दर्शकों को पसंद आए और विवाद से भी बचाए।

समय रैना ने खुद को भी इससे अलग नहीं बताया। उन्होंने कहा कि वे भी इंटरनेट पर एक कैरेक्टर निभाते हैं और यही वजह है कि उनका कंटेंट लोगों को अलग और मनोरंजक लगता है। उनके इस बयान ने जहां कुछ लोगों को हंसाया, वहीं कई दर्शकों ने इसे बोल्ड और बेबाक माना। उनका यह रोस्टिंग अंदाज़ एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ले आया है और सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।