मुंबई। फेमस टीवी एक्टर विभु राघव का निधन हो गया है। वह कैंसर से पीड़ित चल रहे थे। आखिरकार वह कैंसर से जंग हार गए और इस दुनिया को अलविदा कह गए। विभु को ‘निशा और उसके कजन्स’, ‘सुवरीन गुग्गल’ और ‘रिदम’ जैसे कई टीवी शो में उनकी शानदार भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। विभु राघव के निधन से टीवी स्टार्स को बड़ा झटका लगा है।
‘विभु हमेशा उनकी यादों में जिंदा रहेंगे’
फैंस और टीवी इंडस्ट्री के सितारों ने सोशल मीडिया पर विभु को नम आंखों से विदाई दी है। बिग बॉस विनर और एक्टर करणवीर मेहरा ने दिवंगत एक्टर को श्रद्धांजलि दी है। करण ने अपनी इंस्टा स्टोरी शेयर कर लिखा, बहुत जल्दी। आपकी आत्मा को शांति मिले। एक्ट्रेस प्रियम कावेरी और सिंपल कौल ने भी शोक व्यक्त किया है। विभु की दोस्त सिंपल कौल ने इमोशनल पोस्ट में लिखा कि विभु हमेशा उनकी यादों में जिंदा रहेंगे।
कैंसर ने ली विभु की जान
एक्टर विभु राघव को साल 2022 में जब कोलन कैंसर का पता चला, तो उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए अपनी बीमारी की यात्रा को साझा करना शुरू किया। विभु सोशल मीडिया पर लोगों को कैंसर को लेकर जागरुक करते रहते थे। उन्होंने हंसते मुस्कुराते हुए कई वीडियोज शेयर किए थे। इतनी जिंदादिली दिखाने के बाद भी वो इस बीमारी से हार गए। विभु ने इंस्टा पर अपनी आखिरी पोस्ट 17 अप्रैल को शेयर की थी। फैंस ने उनकी आत्मा को शांति मिलने की दुआ की है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ते हुए भी विभु राघव ने कभी हार नहीं मानी। फरवरी 2024 में उनकी एक बड़ी सर्जरी हुई थी, जिसमें उनके शरीर से ट्यूमर को हटाया गया था।