आज संगीत की दुनिया के एक ऐसे कलाकार का जन्मदिन है, जिसने अपनी अलग आवाज़ और अंदाज़ से करोड़ों दिलों में जगह बनाई। हम बात कर रहे हैं – हिमेश रेशमिया की। हिमेश आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं।
नाक से गाता है… स्टाइल अजीब है… शुरुआत में लोगों ने उन्हें यही कहकर खारिज कर दिया, लेकिन हिमेश रेशमिया ने साबित किया कि जब सच्चा सुर दिल से निकले, तो वो सीधे लोगों के दिलों में उतर जाता है। 23 जुलाई 1973 को मुंबई में जन्मे हिमेश, एक गुजराती परिवार से आते हैं। संगीत का संस्कार उन्हें अपने पिता विपिन रेशमिया से मिला, जो खुद एक संगीतकार थे।
हिमेश का निजी जीवन भी सुरों की तरह ही सादगी और भावनाओं से भरा रहा है। उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त कोमल से पहली शादी की, लेकिन समय के साथ रिश्ते बदले और दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद हिमेश ने टीवी अभिनेत्री सोनिया कपूर से 2018 में शादी की। सोनिया के साथ उनकी केमिस्ट्री भी उतनी ही सटीक है, जितनी उनके गानों की धुनें।
इस फिल्म से हुई करियर की शुरुआत
उनका म्यूजिक करियर 1998 में सलमान खान की फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से शुरू हुआ। और फिर ‘तेरे नाम’, ‘ऐतराज़’, ‘आशिक बनाया आपने’, ‘तेरा सुरूर’ जैसे गानों ने उन्हें सुपरहिट बना दिया। 2000 के दशक में उनका संगीत युवाओं की पहचान बन गया। उनकी signature टोपी, चश्मा और nasal singing style को लोग कॉपी करने लगे। सिर्फ गायक ही नहीं, हिमेश ने बतौर एक्टर भी नाम कमाया। ‘आप का सुरूर’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और उनकी फैन फॉलोइंग और भी बढ़ गई। Reality Shows में जज बनकर उन्होंने न सिर्फ टैलेंट को मंच दिया, बल्कि संगीत प्रेमियों के लिए एक रोल मॉडल भी बने।
“हिमेश रेशमिया एक ऐसी आवाज़ हैं, जो ट्रेंड बन गई… एक ऐसा नाम, जो समय से आगे चला… और एक ऐसा कलाकार, जिसने खुद की राह बनाई।” t 24 टीम की तरफ से हिमेश को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।