अपनी सुरीली आवाज़ और दिल को छू लेने वाले गानों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से अलविदा कह दिया है। उन्होंने यह चौंकाने वाली जानकारी 27 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के ज़रिए साझा की। इस खबर के सामने आते ही म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच हलचल मच गई।
अरिजीत के इस फैसले से फैंस काफी भावुक और मायूस नज़र आ रहे हैं। एंटरटेनमेंट जगत की कई नामी हस्तियों ने भी इस पर दुख जाहिर किया है। रैपर बादशाह और सिंगर बी प्राक समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। हालांकि, अभी तक अरिजीत सिंह के इस फैसले के पीछे की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है।
करियर की शुरुआत
अरिजीत सिंह ने अपने संगीत करियर की शुरुआत साल 2005 में आए रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी। इसके बाद उन्होंने काफ़ी संघर्ष किया और साल 2011 में फिल्म ‘मर्डर 2’ के गाने “फिर मोहब्बत” से बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर डेब्यू किया। यहीं से उनके संगीत सफर ने रफ्तार पकड़ ली।
फिल्मी दुनिया में सफलता
साल 2013 में आई सुपरहिट फिल्म ‘आशिकी 2’ के गाने “तुम ही हो” ने अरिजीत सिंह को रातों-रात एक अलग पहचान दिला दी। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक हिट गाने देकर म्यूजिक इंडस्ट्री में खुद को स्थापित कर लिया।
अरिजीत ने “तुम ही हो”, “बुलेया”, “ओ देश मेरे” जैसे कई यादगार गाने सिनेमा जगत को दिए। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ बंगाली, मराठी, तेलुगु समेत कई भाषाओं में 300 से भी ज़्यादा गाने गाए हैं। उनकी रोमांटिक आवाज़ और इमोशनल गायकी ने उन्हें बॉलीवुड के सबसे चर्चित और पसंदीदा गायकों में शामिल कर दिया।
फैंस के बीच सवाल
अरिजीत सिंह के इस अचानक लिए गए फैसले ने फैंस के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अपनी आवाज़ से करोड़ों दिलों को जोड़ने वाले इस गायक का यूँ म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर होना सभी को हैरान कर रहा है।