मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मराठी और हिंदी टेलीविजन इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री प्रिया मराठे का महज 38 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं और लगातार उनका इलाज चल रहा था। हालांकि बीमारी से जंग लड़ते हुए उन्होंने मुंबई में मीरा रोड स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली।
प्रिया मराठे के निधन की खबर ने उनके परिवार, दोस्तों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
‘पवित्र रिश्ता’ ने दिलाई खास पहचान
प्रिया मराठे ने अपने करियर की शुरुआत मराठी धारावाहिकों से की थी। उन्होंने कई मराठी टीवी सीरियल्स और फिल्मों में काम करके इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई लेकिन उन्हें असली पहचान लोकप्रिय हिंदी टीवी सीरियल ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली।
इस शो में उन्होंने वर्षा देशपांडे का किरदार निभाया था जो कि अंकिता लोखंडे द्वारा निभाए गए मुख्य किरदार अर्चना की बहन थी। इस रोल ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। उनकी एक्टिंग इतनी प्रभावशाली थी कि दर्शकों ने उन्हें दिल से अपनाया और वह अचानक सुर्खियों में आ गईं।
मराठी इंडस्ट्री का चमकता सितारा
हालाकि प्रिया मराठे को हिंदी टीवी शोज से भी पहचान मिली लेकिन मराठी इंडस्ट्री में उनका योगदान बेहद अहम रहा। उन्होंने कई धारावाहिकों और फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाए। उनकी एक्टिंग में स्वाभाविकता और गहराई देखने को मिलती थी। यही वजह थी कि मराठी दर्शकों के बीच उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग थी।
इन शोज में भी दिखा प्रिया का जलवा
‘पवित्र रिश्ता’ के अलावा प्रिया मराठे ने कई लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया। इनमें शामिल हैं-
1 कसम से
2 कॉमेडी सर्कस के सुपरस्टार्स
3 उतरन
4 बड़े अच्छे लगते हैं
5 भारत का वीर पुत्र महाराणा प्रताप
6 सावधान इंडिया
7 भागे रे मन
हर शो में प्रिया ने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। कभी गंभीर, कभी भावनात्मक और कभी हास्यप्रद – हर तरह की भूमिकाओं में वह दर्शकों का दिल जीत लेती थीं।
इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर
प्रिया मराठे के असमय निधन की खबर से पूरे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है। साथी कलाकारों ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए उन्हें एक प्रतिभाशाली और जमीन से जुड़ी कलाकार बताया वहीं फैंस भी उनके अचानक चले जाने से स्तब्ध हैं और लगातार श्रद्धांजलि संदेश लिख रहे हैं।
जिंदगी से जंग हार गईं प्रिया
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रिया लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और आखिरी समय तक बीमारी से लड़ती रहीं। लेकिन आखिरकार बीमारी ने उन्हें मात दे दी। महज 38 साल की उम्र में उनका यूं चले जाना इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। उनकी यादें हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेंगी।