भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। पत्नी ज्योति सिंह से चल रहे तलाक विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। आरा सिविल कोर्ट में हुई हालिया सुनवाई के दौरान पवन सिंह ने अदालत से साफ शब्दों में कहा कि वे अब अपनी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहते और तलाक चाहते हैं। इस बयान के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चाओं में आ गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को आरा सिविल कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच सुलह की संभावना तलाशने के लिए सुनवाई रखी गई थी। करीब 40 मिनट तक चली इस सुनवाई में पवन सिंह अदालत में मौजूद रहे, जबकि उनकी पत्नी ज्योति सिंह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुईं। उनके वकील ने उनकी ओर से पक्ष रखा। कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोनों के बीच बातचीत कराने की कोशिश भी की, लेकिन ज्योति सिंह से संपर्क नहीं हो सका।

सुनवाई के दौरान पवन सिंह ने अदालत को स्पष्ट कर दिया कि वे अब वैवाहिक संबंध जारी नहीं रखना चाहते। उनके वकील सुमन कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह तारीख सुलह के उद्देश्य से रखी गई थी, लेकिन अभिनेता ने साफ कर दिया कि वे अलग होना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने वन टाइम सेटलमेंट के लिए भी अपनी सहमति जताई है और कहा है कि जो भी शर्तें अदालत तय करेगी, उसे स्वीकार करने पर वे विचार करेंगे।
दूसरी ओर, ज्योति सिंह की ओर से भी बड़ा दावा सामने आया है। उनके वकील विष्णुधर पांडेय ने पहले ही संकेत दिया है कि यदि पवन सिंह साथ नहीं रहना चाहते, तो मुआवजे के तौर पर 10 करोड़ रुपये, एक मकान और केस के दौरान होने वाले खर्च की मांग की जाएगी। इस मांग के बाद यह मामला और ज्यादा हाई-प्रोफाइल बन गया है।
सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर निकलते समय पवन सिंह काफी शांत और कुछ मायूस नजर आए। मीडिया ने जब उनसे सवाल पूछने की कोशिश की तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और हाथ जोड़कर आगे बढ़ गए। उनकी यह चुप्पी भी कई तरह की अटकलों को जन्म दे रही है।

इधर सुनवाई से पहले ज्योति सिंह सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आईं। उन्होंने छठ पूजा से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे पारंपरिक वेशभूषा में पूजा करती दिखाई दीं। इससे पहले की सुनवाई में ज्योति सिंह कोर्ट पहुंची थीं और भावुक होकर न्याय की गुहार लगाई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें बार-बार अगली तारीख दी जा रही है और उनके पति की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हो रही। उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन को मानसिक पीड़ा से भरा बताया था।
ज्योति सिंह, पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। अभिनेता की पहली पत्नी नीलम सिंह ने साल 2015 में आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई चर्चाएं हुईं। बाद में उनका नाम भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ भी जोड़ा गया। हालांकि, इन सबके बीच पवन सिंह ने 7 मार्च 2018 को ज्योति सिंह से शादी कर ली थी।

शादी के कुछ साल बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें सामने आने लगीं और मामला धीरे-धीरे कोर्ट तक पहुंच गया। अब जब पवन सिंह ने अदालत में तलाक की इच्छा जता दी है और ज्योति सिंह की ओर से भारी मुआवजे की मांग सामने आई है।
फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल तलाक मामले की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। अब देखना यह होगा कि अदालत दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद क्या फैसला करती है और क्या इस रिश्ते में सुलह की कोई संभावना बची है या यह कहानी अब कानूनी मोड़ पर ही खत्म होगी।