बॉलीवुड के वो सितारे जिनकी मुस्कान पर पूरा जमाना फ़िदा था आज भी उनकी यादें लोगों के दिलों में जिंदा हैं। हम बात कर रहे हैं ऋषि कपूर की। 4 सितंबर 1952 को जन्मे ऋषि कपूर, राज कपूर के बेटे थे लेकिन उन्होंने अपने दम पर वो पहचान बनाई जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार मेरा नाम जोकर से की और फिर 1973 की फिल्म बॉबी ने उन्हें रातोंरात सुपरस्टार बना दिया।
70 और 80 का दशक हिंदी सिनेमा में रोमांस का दूसरा नाम बन चुके थे ऋषि कपूर। रंग-बिरंगे स्वेटर, मासूमियत भरी मुस्कान और मधुर गानों पर उनका अंदाज़ दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ गया। अमर अकबर एंथनी से लेकर लैला मजनू, प्रेम रोग से चांदनी तक एक के बाद एक हिट फिल्में उनके नाम रहीं।
वक्त के साथ ऋषि कपूर ने अपने किरदारों को भी नया रूप दिया। कपूर एंड सन्स और मुल्क जैसी फिल्मों में उनके दमदार अभिनय को खूब सराहा गया। निजी जिंदगी में वे पत्नी नीतू सिंह और बेटे रणबीर कपूर के साथ हमेशा चर्चा में रहे और उनका परिवार ही उनका सबसे बड़ा सहारा था।
30 अप्रैल 2020 को लंबी बीमारी के बाद वे इस दुनिया से विदा हो गए लेकिन पर्दे पर उनकी मुस्कान और उनके निभाए किरदार हमेशा ज़िंदा रहेंगे। ऋषि कपूर भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन सिनेमा का हर रोमांटिक गीत, हर यादगार डायलॉग और हर मुस्कुराता चेहरा हमें उनकी याद दिलाता रहेगा।