हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गॉडज़िला वर्सेस कॉन्ग फिल्म सीरीज़ में जिया का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री केली हॉटल का महज 18 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी मौत अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में हुए एक सड़क हादसे में हुई। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार तड़के मैरीलैंड के फ्रेडरिक काउंटी के इजैम्सविल इलाके में हुआ। स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह एक सिंगल-व्हीकल दुर्घटना थी और शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। दुर्घटना में केली की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा 19 वर्षीय युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। कार में मौजूद एक अन्य यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।केली के पिता जोशुआ हॉटल ने अमेरिकी सांकेतिक भाषा में एक वीडियो साझा कर अपनी बेटी के निधन की पुष्टि की। परिवार ने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है।
जन्म से थीं श्रवण बाधित
केली जन्म से सुन नहीं सकती थीं, लेकिन उन्होंने अपनी इस चुनौती को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने अपनी मेहनत और अभिनय के दम पर हॉलीवुड में अलग पहचान बनाई। उनकी कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो किसी शारीरिक चुनौती के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं।
केली ने साल 2021 में रिलीज़ हुई गॉडज़िला वर्सेज कॉन्ग में जिया का किरदार निभाया था। उनके भावनात्मक अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद वह 2024 में रिलीज़ हुई गॉडज़िला वर्सेज कॉन्ग में भी इसी भूमिका में नजर आईं। इसके अलावा उन्होंने लोकप्रिय टीवी सीरीज़ मैग्नम प.आई में भी काम किया।
केली की शानदार परफॉर्मेंस के लिए उन्हें 52वें सैटर्न अवॉर्ड्स में बेस्ट परफॉर्मेंस बाय ए यंगर एक्टर श्रेणी में नामांकन मिला था। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करती थी।
स्कूल और स्टूडियो ने दी श्रद्धांजलि
केली ने टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ से पढ़ाई की थी। स्कूल प्रशासन ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रतिभाशाली और प्रेरणादायक छात्रा को खो दिया है। वहीं गॉडज़िला फिल्म फ्रेंचाइज़ी से जुड़े स्टूडियो वार्नर ब्रदर्स ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
महज 18 साल की उम्र में केली हॉटल का दुनिया को अलविदा कहना उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और हॉलीवुड के लिए बड़ी क्षति है। अपनी कम उम्र में ही उन्होंने अभिनय की दुनिया में जो पहचान बनाई, वह हमेशा याद की जाएगी।