मनोरंजन जगत से एक बेहद खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतजार, कई असफल कोशिशों और भावनात्मक संघर्षों के बाद अभिनेत्री संभावना सेठ के घर आखिरकार किलकारियां गूंज उठी हैं। 45 साल की उम्र में संभावना सरोगेसी के जरिए जुड़वा बच्चों की मां बनी हैं। खास बात यह है कि उनके घर एक बेटे और एक बेटी का जन्म हुआ है, जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
मां बनने के इस यादगार सफर को संभावना सेठ ने अपने प्रशंसकों के साथ भी साझा किया है। उन्होंने अस्पताल पहुंचने से लेकर बच्चों के जन्म तक के खास पलों को अपने व्लॉग में दिखाया है। वीडियो में संभावना अपने पति और अभिनेता-अविनाश द्विवेदी के साथ घर के मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लेते हुए नजर आती हैं। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल जाते समय वह काफी घबराई हुई थीं और उनके मन में कई तरह की भावनाएं चल रही थीं।
जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद संभावना अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं। ऑपरेशन थिएटर में ही उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस भावुक पल में उनके पति अविनाश लगातार उनका हौसला बढ़ाते नजर आए। जब संभावना ने पहली बार अपनी बेटी को देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बेटी को देखते ही उनके भीतर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

अपने व्लॉग में संभावना ने बच्चों के जन्म से जुड़ी कई झलकियां साझा की हैं। उन्होंने डिलीवरी से पहले की तैयारियों से लेकर बच्चों के जन्म तक की पूरी यात्रा को रिकॉर्ड किया, जिसे अब उनके प्रशंसक भी भावुक होकर देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस खबर के सामने आते ही फैंस और सेलेब्स ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया है।
मां बनने की खुशी को संभावना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए भी व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “इस साल महा दिवाली जल्दी आ गई। लक्ष्मी और गणेश दोनों हमारे घर आ गए। हमारा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है। हर हर महादेव।” उनके इस पोस्ट को लाखों लोगों ने पसंद किया और कमेंट्स के जरिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी की शादी साल 2016 में हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवार बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका सफर आसान नहीं रहा। संभावना ने कई बार खुलकर बताया था कि उनके 8 IVF प्रयास असफल हो चुके थे। इसके अलावा साल 2024 में वह गर्भवती भी हुई थीं, लेकिन दुर्भाग्यवश उनका मिसकैरेज हो गया था। इस घटना ने उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया था।

हालांकि तमाम मुश्किलों और निराशाओं के बावजूद संभावना और अविनाश ने उम्मीद नहीं छोड़ी। आखिरकार सरोगेसी के जरिए उनके जीवन में वह पल आया, जिसका इंतजार दोनों कई वर्षों से कर रहे थे। अब बेटे और बेटी के जन्म के साथ उनके परिवार की खुशियां पूरी हो गई हैं।
संभावना सेठ की यह कहानी उन दंपतियों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो माता-पिता बनने के सफर में चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। लंबे संघर्ष के बाद मिली यह खुशी उनके जीवन का सबसे खूबसूरत अध्याय बन गई है।