‘दृश्यम 3’ को लेकर इन दिनों अक्षय खन्ना के फिल्म से अचानक बाहर होने की खबर चर्चा में है। अब फिल्म के डायरेक्टर, राइटर और प्रोड्यूसर अभिषेक पाठक ने इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि अक्षय खन्ना शूटिंग शुरू होने से सिर्फ सात दिन पहले फिल्म से अलग हो गए थे। इसके बाद टीम को उनके किरदार में बदलाव करने के साथ ही कहानी को भी काफी कम समय में दोबारा तैयार करना पड़ा।
अक्षय खन्ना ने ‘दृश्यम 2’ में आईजी तरुण अहलावत का किरदार निभाया था। ‘दृश्यम 3’ में उनकी जगह जयदीप अहलावत नजर आएंगे। अभिषेक के मुताबिक, अक्षय के अचानक बाहर होने से पूरी टीम पर काफी दबाव आ गया था।
अक्षय के जाने के बाद दोबारा लिखना पड़ा किरदार
पीटीआई से बातचीत में अभिषेक पाठक ने बताया कि अक्षय के फिल्म छोड़ने के बाद उनकी टीम को किरदार को पूरी तरह से दोबारा लिखना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर वह सिर्फ डायरेक्टर होते तो शायद शूटिंग आगे बढ़ाने का फैसला कर सकते थे, लेकिन बतौर राइटर और प्रोड्यूसर उनकी जिम्मेदारियां अलग थीं।
अभिषेक ने बताया कि फिल्म के सेट तैयार हो चुके थे और बाकी कलाकारों की डेट्स भी तय थीं। ऐसे में शूटिंग टालने से फिल्म का पूरा शेड्यूल प्रभावित हो सकता था। इसलिए उन्होंने टीम से काम जारी रखने को कहा।
जयदीप अहलावत की हुई एंट्री
अक्षय खन्ना के फिल्म से बाहर होने के बाद मेकर्स ने जयदीप अहलावत को फिल्म में शामिल किया। हालांकि, टीम ने सिर्फ पुराने किरदार के लिए नए कलाकार को कास्ट नहीं किया, बल्कि किरदार को ही बदलने का फैसला किया।
अभिषेक ने बताया कि उन्होंने जयदीप से बात की और उन्हें साफ बताया कि सिर्फ कास्टिंग नहीं, बल्कि कैरेक्टर में भी बदलाव किया जा रहा है। जयदीप ने नया किरदार पढ़ा और उन्हें यह पसंद आया। अभिषेक के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया महज 5-6 दिनों में पूरी हुई।
अक्षय के साथ शूटिंग से सिर्फ 7 दिन पहले बदला फैसला
अभिषेक ने बताया कि टीम अक्षय खन्ना के साथ अजय देवगन का एक सीन शूट करने से सिर्फ सात दिन दूर थी। ऐसे समय में शूटिंग रोकने के बजाय उन्होंने टीम को काम जारी रखने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि कम समय में नए किरदार को तैयार किया जाए और पूरी शूटिंग योजना को प्रभावित होने से बचाया जाए। इसके लिए उन्होंने टीम से कुछ दिनों का समय मांगा और फिर कहानी में जरूरी बदलाव किए।
अक्षय खन्ना को भेजा गया कानूनी नोटिस
अक्षय खन्ना के फिल्म से बाहर होने के मामले में कानूनी विवाद भी सामने आया है। फिल्म के प्रोड्यूसर और अभिषेक पाठक के पिता कुमार मंगत पाठक की ओर से अक्षय को कानूनी नोटिस भेजे जाने की बात सामने आई है। इसमें कथित तौर पर एग्रीमेंट के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
कुमार मंगत पाठक ने पहले कहा था कि अक्षय को फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट सुनाई गई थी, जिसे उन्होंने पसंद किया था। इसके बाद उन्होंने एग्रीमेंट साइन किया और साइनिंग अमाउंट भी लिया। बाद में अक्षय ने कथित तौर पर मैसेज के जरिए फिल्म का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया।
‘दृश्यम 3’ इस चर्चित फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। फिल्म में अजय देवगन के साथ जयदीप अहलावत और अन्य कलाकार नजर आएंगे।