Bigg Boss 20: टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट्स काजी तौकीर और माही विज को अपना समर्थन दिया है। रियलिटी शो का लेटेस्ट एपिसोड देखने के बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दोनों कंटेस्टेंट्स की तारीफ की। शिल्पा को लगता है कि घर के कई सदस्यों के विरोध के बावजूद काजी और माही मजबूती से अपनी बात रख रहे हैं।
इतना ही नहीं, शिल्पा ने अपने रियलिटी शो लॉक अप 2 के अनुभव को भी याद किया। उन्होंने श्रेया कालरा के साथ अपने सफर का जिक्र करते हुए काजी और माही की मौजूदा स्थिति से इसकी तुलना की। एक्ट्रेस ने बताया कि बिग बॉस 20 का हालिया एपिसोड देखने के बाद उन्हें अपने पुराने अनुभव याद आ गए।
काजी तौकीर और माही विज के सपोर्ट में उतरीं शिल्पा शिंदे
बिग बॉस 20 का एपिसोड देखने के बाद शिल्पा शिंदे ने कहा, “गाइज, गाइज, मैंने बिग बॉस का एपिसोड देखा। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं, लेकिन मुझे श्रेया की याद आ गई। ऐसा लग रहा था जैसे दो लोग पूरे घर के खिलाफ खड़े हों।”
शिल्पा ने घर के अंदर हो रही बातचीत पर भी अपनी राय रखी। उनका कहना था कि कई बार ऐसा लगता है कि घर के सदस्यों की चर्चा काजी और माही के आसपास ही घूमती रहती है। उन्होंने गुल्लू के व्यवहार पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह कई बार दूसरे कंटेस्टेंट्स से प्रभावित होते दिखाई देते हैं।
अपने लॉक अप 2 के अनुभव का उदाहरण देते हुए शिल्पा ने गुल्लू की तुलना वरुण से की। उन्होंने कहा, “गुल्लू भी उनसे प्रभावित हो जाते हैं, ठीक वैसे ही जैसे हमारे सीजन में वरुण राम बाबा से प्रभावित हो जाया करते थे।”
इसके अलावा, शिल्पा ने कुछ कंटेस्टेंट्स के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में सफलता हासिल करने का मतलब यह नहीं है कि इंसान खुद को दूसरों से ऊपर समझने लगे। एक्ट्रेस ने सभी को जमीन से जुड़े रहने की सलाह देते हुए कहा कि जिंदगी में कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता।
लॉक अप 2 के मुश्किल दिनों को किया याद
शिल्पा शिंदे ने बिग बॉस 20 के एपिसोड पर प्रतिक्रिया देते हुए लॉक अप 2 में अपने अनुभवों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि रियलिटी शो के अंदर मुश्किल हालात का सामना करना और वहां बने रहना कितना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
एक्ट्रेस ने कहा, “कल सब कुछ देखकर मुझे बहुत बुरा लगा। मुझे लॉक अप में बिताया हमारा समय और वह टॉर्चर याद आ गया, जिससे हम गुजरे थे। उस दौर में टिके रहना बेहद मुश्किल था।”
शिल्पा ने रियलिटी शोज को स्क्रिप्टेड बताए जाने की धारणा पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने इस बात से असहमति जताई कि शो में दिखाई जाने वाली हर चीज पहले से तय होती है। उनके मुताबिक, 24 घंटे की रिकॉर्डिंग को एक घंटे के एपिसोड में दिखाने के लिए एडिटिंग जरूरी होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरी स्थिति बनावटी है।
शिल्पा ने कहा कि अगर मेकर्स को स्क्रिप्ट ही लिखनी होती, तो क्या वे इतनी खराब परिस्थितियां दिखाने के लिए ऐसा करते? उनके मुताबिक, एडिटिंग के बावजूद हर चीज को छिपाना संभव नहीं है और आखिरकार सच्चाई सामने आ ही जाती है।
शिल्पा बोलीं- मैं 100 प्रतिशत काजी और माही के साथ हूं
शिल्पा ने काजी तौकीर और माही विज की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह से दोनों घर के अंदर मौजूदा परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने दोनों को एक-दूसरे का साथ बनाए रखने की सलाह दी और दर्शकों से भी उन्हें सपोर्ट करने की अपील की।
एक्ट्रेस ने कहा, “मैं माही और काजी को सलाम करती हूं कि वे किस तरह इस लड़ाई का सामना कर रहे हैं। उन्हें हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहना चाहिए और हम उनका समर्थन करेंगे। मैं 100 प्रतिशत उनके साथ हूं और उम्मीद करती हूं कि आप सभी भी उन्हें सपोर्ट करेंगे।”
वीकेंड के एपिसोड पर अपनी राय रखते हुए शिल्पा ने कहा कि उन्हें लगा कि सलमान खान ने चर्चा के दौरान अपनी बात खुलकर रखी। उन्होंने माही का बचाव करते हुए यह भी कहा कि माही आमतौर पर सामान्य तरीके से बात करती हैं, न कि दूसरे कंटेस्टेंट्स के बारे में गॉसिप करने में लगी रहती हैं।
शिल्पा ने यह सवाल भी उठाया कि घर के कई सदस्य अपने गेम पर ध्यान देने के बजाय बार-बार काजी और माही की चर्चा क्यों करते हैं। अपने वीडियो के जरिए एक्ट्रेस ने दोनों कंटेस्टेंट्स को खुलकर समर्थन दिया और उनकी स्थिति की तुलना लॉक अप 2 के अपने अनुभव से की।