बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने अपने चार दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी करियर को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। अभिनेता का मानना है कि उनकी बॉलीवुड जर्नी को आकार देने में हरियाणवी भाषा का काफी अहम योगदान रहा है। हाल ही में स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ के अपकमिंग एपिसोड में उन्होंने अपनी पहली लीड फिल्म ‘वो सात दिन’ से जुड़ा एक पुराना किस्सा शेयर किया।
शो के दौरान अनिल कपूर की मुलाकात हरियाणा के एक छोटे से गांव से आने वाली कंटेस्टेंट रेखा प्रभु से होती है। उनसे बातचीत करते हुए अभिनेता को साल 1983 में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘वो सात दिन’ की याद आ जाती है। इस फिल्म में उन्होंने प्रेम प्रताप पतीयालावाला का किरदार निभाया था, जो एक संगीतकार बनने का सपना देखता है। इस भूमिका की तैयारी के लिए अनिल कपूर ने हरियाणवी बोली सीखी थी।
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए अनिल कपूर रेखा से कहते हैं, “अगर आज मैं आपके सामने खड़ा हूं, तो मेरा मानना है कि मेरी इस जर्नी में हरियाणवी भाषा का बहुत बड़ा योगदान रहा है।”
अभिनेता ने रेखा से मुलाकात पर अपनी खुशी भी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मैं आपको बताऊं कि आपसे मिलकर मैं कितना खुश हूं, इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता।”
बता दें कि ‘वो सात दिन’ अनिल कपूर के करियर की एक अहम फिल्म रही है। इस फिल्म ने उन्हें बतौर लीड एक्टर पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। अब चार दशक से ज्यादा समय बाद अभिनेता का हरियाणवी भाषा को अपने करियर का अहम हिस्सा बताना उनके पुराने सफर की एक खास याद को फिर से सामने ले आया है।
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और JioHotstar पर प्रसारित होता है।