बचपन की यादें हर किसी के जीवन का खास हिस्सा होती हैं। चिल्ड्रन्स डे के मौके पर टैरो रीडर, ज्योतिषी और अभिनेत्री मुनीषा खटवानी ने अपने स्कूल के दिनों, बचपन के सपनों और जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प अनुभव साझा किए। उन्होंने यह भी बताया कि आज के बच्चों पर किस तरह का दबाव है और माता-पिता को उन्हें कौन-सी जरूरी सीख देनी चाहिए।
मुनीषा खटवानी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी सीरियल ‘जस्ट मोहब्बत’ से की थी। इसके बाद वह ‘तंत्रा’ जैसे शोज में नजर आईं। उन्होंने ज्योतिष से जुड़े शो ‘तीन देवियां’ को होस्ट किया और ‘सर्वाइवर इंडिया’ में भी हिस्सा लिया। इसके अलावा वह ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ का भी हिस्सा रह चुकी हैं। पिछले 20 साल से ज्यादा समय से वह टैरो रीडिंग और ज्योतिष की दुनिया में भी एक जाना-पहचाना नाम हैं।
चिल्ड्रन्स डे से जुड़ी यादों के बारे में बात करते हुए मुनीषा ने बताया कि स्कूल में इस दिन की कोई खास याद तो नहीं है, लेकिन उनके परिवार के लिए यह तारीख बेहद खास है। उन्होंने कहा, “इसी दिन मेरे भाई और भाभी की शादी बाली में हुई थी, इसलिए हम इस दिन को हमेशा खुशी के साथ मनाते हैं।”
स्कूल के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें क्लास के बाद होने वाली एक्टिविटीज सबसे ज्यादा पसंद थीं। चाहे स्विमिंग हो, बास्केटबॉल, आर्ट क्लास या डांस क्लास, उन्हें हर तरह की एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी में हिस्सा लेना अच्छा लगता था। दोस्तों के साथ समय बिताना और बाद में कुछ खाने जाना भी उनके लिए उन दिनों की खास यादों में शामिल है।
मुनीषा ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा अनुभव भी साझा किया, जिसने उनके सोचने का नजरिया बदल दिया। उन्होंने बताया कि जब वह 13 साल की थीं, तब जकार्ता में स्कूल की एक फील्ड ट्रिप के दौरान उन्होंने आत्माओं और भूतों को देखने का अनुभव किया था। शुरुआत में वह काफी डर गई थीं, लेकिन बाद में इस अनुभव ने उनके मन में आध्यात्मिक दुनिया को लेकर दिलचस्पी पैदा कर दी। उन्होंने कहा, “धीरे-धीरे मैं इस बात को स्वीकार करने लगी कि इस ब्रह्मांड का एक और हिस्सा भी है, जो हमारे आसपास मौजूद है।”
बचपन के शौक के बारे में बात करते हुए मुनीषा ने बताया कि उन्हें पेंटिंग करना बेहद पसंद था, लेकिन अब बिजी शेड्यूल की वजह से वह इसके लिए समय नहीं निकाल पातीं। उन्हें किताबें पढ़ना और जिगसॉ पजल सॉल्व करना भी अच्छा लगता है। उन्होंने बताया कि वह 500 पीस वाली पजल को तीन से पांच दिनों में पूरा कर सकती हैं, लेकिन अब पहले जैसा समय नहीं मिल पाता।
अपने बचपन के सबसे बड़े सपने के बारे में मुनीषा ने कहा, “मेरा सबसे बड़ा बचपन का सपना हमेशा यही था कि मैं जो भी करूं, उससे मेरी पहचान बने।” उन्होंने माना कि वह अपने इस सपने का कुछ हिस्सा पूरा कर चुकी हैं, लेकिन अभी उन्हें काफी लंबा सफर तय करना है। उन्होंने अपनी जिंदगी को कर्मों से जुड़ी यात्रा बताते हुए कहा कि आध्यात्मिक क्षेत्र में होने के कारण उन्हें अपने कई कर्मों का हिसाब पूरा करना है और वह अपनी मौजूदा जिंदगी से संतुष्ट हैं।
अगर उन्हें अपने बचपन वाले रूप से मिलने का मौका मिले, तो वह खुद को एक खास सलाह देना चाहेंगी। उनके मुताबिक, खुद से ज्यादा प्यार करना, ब्रह्मांड पर भरोसा रखना और उन चीजों को छोड़ देना चाहिए जो आपके लिए सही नहीं हैं।
आज के बच्चों की जिंदगी पर बात करते हुए मुनीषा ने कहा कि उनकी पीढ़ी के मुकाबले आज के बच्चों पर काफी ज्यादा दबाव और उम्मीदें हैं। पीयर प्रेशर, सोशल मीडिया और दूसरों से तुलना करने की आदत ने बच्चों की जिंदगी को काफी बदल दिया है। इंटरनेट और OTT प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते प्रभाव ने भी उनके सामने एक अलग दुनिया खोल दी है।
आखिर में उन्होंने माता-पिता को बच्चों में विनम्रता और दयालुता जैसे गुण विकसित करने की सलाह दी। मुनीषा ने कहा, “माता-पिता को बच्चों को सबसे बड़ी सीख विनम्र और दयालु बनने की देनी चाहिए। आप कितने भी सफल, अमीर या अच्छे परिवार से क्यों न हों, जिंदगी में कुछ भी कभी भी बदल सकता है। लेकिन आपका विनम्र स्वभाव और व्यक्तित्व हमेशा आपके साथ रहता है।”