मुंबई: कॉमेडियन और टीवी की मशहूर होस्ट भारती सिंह चिल्ड्रन्स डे के मौके पर अपने बचपन की कुछ खास यादें ताजा करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने बताया कि बचपन में एक फैंसी ड्रेस कॉम्पिटिशन के लिए वह मधुमक्खी बनी थीं। भारती का कहना है कि उम्र भले ही बढ़ गई हो, लेकिन उनके अंदर का बच्चा आज भी जिंदा है और पहले की तरह ही उत्साह और जिज्ञासा से भरा हुआ है।
अपने बचपन को याद करते हुए भारती ने बताया कि बचपन के छोटे-छोटे पल हमेशा हमारे साथ रहते हैं। उन्होंने अपने बच्चों गोला और काजू का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह उन्हें देखती हैं, तो उन्हें अपने बचपन की मासूमियत और वही शरारती अंदाज नजर आता है।
भारती ने कहा, “जब मैं छोटी थी, तो मुझे याद है कि मैंने एक फैंसी ड्रेस कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया था, जिसमें मैं मधुमक्खी बनी थी। बचपन के ऐसे छोटे-छोटे पल हमेशा आपके साथ रहते हैं। आज भले ही मैं बड़ी हो गई हूं, लेकिन मेरा मानना है कि मेरे अंदर का बच्चा आज भी जिंदा है। वह आज भी उत्साहित, जिज्ञासु और जोश से भरा हुआ है। जब मैं गोला और काजू को देखती हूं, तो उनमें भी वही मासूमियत, एनर्जी और उत्साह नजर आता है।”
चिल्ड्रन्स डे के महत्व पर बात करते हुए भारती ने कहा कि बड़े होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि इंसान अपने अंदर की मासूमियत और बेफिक्री को भूल जाए। उन्होंने कहा, “चिल्ड्रन्स डे हमें खूबसूरत तरीके से याद दिलाता है कि उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, हमें अपने अंदर के बच्चे को कभी नहीं खोना चाहिए। मुझे खुशी है कि अपने शो ‘इंडियन गेम शो विद भारती एंड हर्ष’ के जरिए हम बच्चों और बाकी सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान और खुशियां ला रहे हैं।”
भारती ने आगे बताया कि इस शो का हिस्सा बनकर उन्हें और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को भी अपना बचपन दोबारा जीने का मौका मिल रहा है। बच्चों का मनोरंजन करते हुए वे खुद भी पुरानी यादों में खो जाते हैं।
उन्होंने कहा, “बच्चों का मनोरंजन करते हुए हमें भी अपने बचपन को दोबारा जीने का मौका मिल रहा है। इस शो ने कई खूबसूरत यादें ताजा कर दी हैं और याद दिलाया है कि हमारे अंदर का बच्चा कभी सच में बड़ा नहीं होता। सभी बच्चों और हर इंसान के अंदर छिपे छोटे बच्चे को चिल्ड्रन्स डे की ढेर सारी शुभकामनाएं।”
भारती की ये बातें बताती हैं कि बचपन सिर्फ जिंदगी का एक पड़ाव नहीं, बल्कि एक ऐसा एहसास है, जो उम्र बढ़ने के बाद भी हमारे अंदर हमेशा बना रहता है।
बता दें कि ‘इंडियन गेम शो विद भारती एंड हर्ष’ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और Sony LIV पर प्रसारित होता है।