बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने अपने करियर की शुरुआत काफी कम उम्र में कर दी थी। अब दिग्गज अभिनेता अशोक सराफ ने उनसे जुड़ा एक पुराना किस्सा शेयर किया है। सोनी मराठी के क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में पहुंचे अशोक सराफ ने माधुरी को उनकी डेब्यू फिल्म ‘अबोध’ के दिनों की याद दिलाई। उन्होंने बताया कि जब दोनों ने इस फिल्म में साथ काम किया था, तब माधुरी सिर्फ 16 साल की थीं और अपनी 12वीं की परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
दरअसल, अशोक सराफ अपने साथी कलाकार संकर्षण करहाडे के साथ फिल्म ‘आदि अनंत’ को प्रमोट करने शो में पहुंचे थे। इस दौरान होस्ट माधुरी दीक्षित के साथ उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। अशोक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें माधुरी को होस्ट की कुर्सी पर देखकर बिल्कुल भी घबराहट नहीं हुई, क्योंकि वह उन्हें कई सालों से जानते हैं।
उन्होंने कहा, “शायद यहां किसी को पता नहीं होगा, लेकिन मैं आपसे कई साल पहले मिल चुका हूं। मैडम और मैंने ‘अबोध’ नाम की फिल्म में साथ काम किया था। वही फिल्म आपके करियर की शुरुआत थी और आपकी पहली फिल्म थी।”
अशोक सराफ की बात सुनकर माधुरी ने तुरंत उनके ‘मैडम’ कहने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “लेकिन आप मुझे मैडम क्यों कह रहे हैं? मुझे माधुरी कहकर बुलाइए।”
इस पर अशोक सराफ ने मजाक में जवाब दिया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि वह इस समय होस्ट की कुर्सी पर बैठी हैं। उन्होंने आगे कहा, “अगर मैं आपसे बाहर मिलता, तो कहता कि अरे, कैसी हो? सब अच्छा चल रहा है ना?” इस पर माधुरी ने भी प्यार से जवाब दिया कि उन दोनों के बीच हमेशा से ही काफी करीबी और स्नेह भरा रिश्ता रहा है।
इसके बाद दोनों ने फिल्म ‘अबोध’ की शूटिंग के दिनों को याद किया। अशोक सराफ ने बताया कि उस समय माधुरी की उम्र सिर्फ 16 साल थी और उनकी परीक्षाएं चल रही थीं। माधुरी ने भी इस बात को याद करते हुए कहा, “उस समय मेरी 12वीं की परीक्षाएं थीं। इसी वजह से हमारी शूटिंग मई तक के लिए टाल दी गई थी।”
माधुरी ने यह भी बताया कि इसके बाद उनकी अगली मुलाकात फिल्म ‘कोयला’ के दौरान हुई थी। इस तरह शो में दोनों कलाकारों के बीच पुरानी यादों और फिल्मी सफर से जुड़ी कई दिलचस्प बातें सुनने को मिलीं।
बता दें कि ‘कौन होणार करोड़पति’ का यह खास एपिसोड Sony LIV पर देखा जा सकता है। यह शो सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सोनी मराठी पर प्रसारित होता है।