साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म के प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें फिल्ममेकर मिस्किन एक्ट्रेस की तारीफ करते हुए उनके घुटने के पास हाथ रखते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि इस दौरान कीर्ति असहज महसूस कर रही थीं। अब एक्ट्रेस ने इन दावों पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, कीर्ति सुरेश और फिल्ममेकर मिस्किन हाल ही में चेन्नई में अपनी फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ के प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इस दौरान मिस्किन एक्ट्रेस की तारीफ कर रहे थे और बातचीत के बीच उन्होंने कीर्ति की गोद के पास हाथ रखा। इवेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कुछ यूजर्स ने दोनों के बीच हुई इस बातचीत और कीर्ति के रिएक्शन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
एक सोशल मीडिया यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए कीर्ति के रिएक्शन पर सवाल उठाया। यूजर ने यह भी तुलना की कि फिल्मों में फिजिकल कॉन्टैक्ट वाले सीन करने वाली एक्ट्रेस असल जिंदगी में इस तरह के व्यवहार पर कैसी प्रतिक्रिया देती हैं।
हालांकि, कीर्ति सुरेश ने इस पोस्ट पर चुप रहने के बजाय सीधे जवाब दिया। उन्होंने यूजर की सोच पर सवाल उठाते हुए साफ किया कि उनके और मिस्किन के बीच पिता-बेटी जैसा रिश्ता है।
कीर्ति ने अपने जवाब में लिखा, “सबसे पहले, आपको मेरे चेहरे पर असहजता कहां दिखाई दी? क्या आपने यह नहीं सुना कि उन्होंने और मैंने कहा था कि हमारा रिश्ता पिता और बेटी जैसा है? दूसरी बात, मान लीजिए कि मैं असहज थी, तो क्या आप यह कहना चाहते हैं कि फिल्मों में हमें छुआ जाता है, इसलिए हमें पब्लिक में भी इस तरह के व्यवहार से परेशानी नहीं होनी चाहिए? आपको कुछ बातें ठीक से समझने की जरूरत है।”
एक्ट्रेस के इस जवाब के बाद उस सोशल मीडिया यूजर ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी और कीर्ति से माफी भी मांगी। यूजर ने कहा कि उसका एक्ट्रेस को लेकर कोई गलत इरादा नहीं था।
20 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
वहीं, कीर्ति सुरेश की अपकमिंग फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ की बात करें तो यह 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही चर्चा है। अब प्रेस कॉन्फ्रेंस का यह वीडियो और कीर्ति का जवाब भी फिल्म को लेकर सुर्खियां बटोर रहा है।