फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के काम के घंटों को लेकर चल रही बहस के बीच फिल्ममेकर करण जौहर और बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने 8 घंटे की वर्क शिफ्ट को लेकर अपनी राय रखी है। दोनों ने दीपिका पादुकोण के काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाए रखने के फैसले का समर्थन किया। साथ ही करण जौहर ने अक्षय कुमार के अनुशासन और उनके प्रोफेशनल रवैये की जमकर तारीफ की।
दरअसल, करण जौहर और अक्षय कुमार ने JioHotstar पर स्ट्रीम होने वाले शो ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 में इस मुद्दे पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान करण ने अक्षय के सुबह जल्दी उठने और समय पर काम करने की आदतों से जुड़े अनुभव साझा किए।
करण जौहर ने बताया कि जब उन्होंने अक्षय कुमार के साथ अपनी पहली फिल्म की थी, तब अभिनेता की अनुशासित दिनचर्या को लेकर कई तरह की बातें सुनने को मिलती थीं। हालांकि, उनके साथ काम करने के बाद करण ने महसूस किया कि अक्षय जितनी मेहनत करते हैं, उतनी कम ही देखने को मिलती है।
करण ने कहा, “मैंने अक्षय कुमार से ज्यादा मेहनत करने वाला इंसान नहीं देखा। उनकी सुबह 5 बजे मीटिंग होती है। उन्हें अपनी स्क्रिप्ट पूरी तरह याद रहती है और वह हमेशा निर्देशक का साथ देते हैं। वह प्रोड्यूसर की जरूरतों को भी अच्छी तरह समझते हैं। वह ऐसे इकलौते सुपरस्टार हैं, जो नए निर्देशकों को मौका देते हैं। इस बात के लिए उन्हें उतना क्रेडिट नहीं मिलता, जितना मिलना चाहिए।”
Deepika Padukone के समर्थन में बोले करण जौहर
अक्षय कुमार की अनुशासित वर्किंग स्टाइल का उदाहरण देते हुए करण ने दीपिका पादुकोण के 8 घंटे की शिफ्ट वाले फैसले का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब एक पुरुष सुपरस्टार अपने काम के घंटों को लेकर शर्त रख सकता है, तो महिला कलाकारों को भी अपनी जरूरतों के हिसाब से काम करने का पूरा अधिकार होना चाहिए।
करण ने कहा कि दीपिका ने अपने काम और उपलब्धियों के दम पर यह अधिकार हासिल किया है। वह एक मेहनती अभिनेत्री होने के साथ-साथ मां, पत्नी और प्रोफेशनल भी हैं। उनकी अपनी निजी जिंदगी भी है और इसमें संतुलन बनाए रखने की मांग करना बिल्कुल गलत नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि इंडस्ट्री में कई बार महिला और पुरुष कलाकारों के बीच भेदभाव देखने को मिलता है, जो सही नहीं है। अगर कोई पुरुष सुपरस्टार अपनी शर्तों पर काम कर सकता है, तो महिला सुपरस्टार को भी ऐसा करने का पूरा अधिकार है। किसी भी कलाकार को अपनी सुविधाओं और जरूरतों के मुताबिक काम के घंटे तय करने की आजादी होनी चाहिए।
अक्षय कुमार ने भी किया 8 घंटे की शिफ्ट का समर्थन
इस बातचीत में अक्षय कुमार ने भी करण जौहर की बातों से सहमति जताई। उन्होंने 8 घंटे की वर्क शिफ्ट के मॉडल का समर्थन करते हुए कहा कि तय समय में शूटिंग करने से सेट पर मौजूद सभी लोगों को फायदा हो सकता है। इसके लिए बेहतर प्लानिंग और तैयारी जरूरी है। इससे फिल्म की क्रिएटिविटी पर भी कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता।
करण और अक्षय ने हॉलीवुड फिल्मों का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां बड़े बजट की फिल्मों की शूटिंग भी तय शेड्यूल के मुताबिक की जाती है। टॉम क्रूज की एक्शन फिल्मों से लेकर क्रिस्टोफर नोलन की बड़ी फिल्मों तक, प्रोडक्शन में समय और प्लानिंग को काफी महत्व दिया जाता है। सही तैयारी के साथ कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग 55 से 90 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाती है।
बता दें कि ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 का यह पूरा एपिसोड बुधवार शाम 7 बजे JioHotstar के Peacock Hub पर स्ट्रीम होगा।