बॉलीवुड एक्ट्रेस Shraddha Kapoor इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म Eetha को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। अपने किरदार को पर्दे पर असली अंदाज में उतारने के लिए श्रद्धा ने काफी मेहनत की है। अब फिल्म के डायरेक्टर Laxman Utekar ने एक्ट्रेस की तैयारियों और शूटिंग के दौरान आई मुश्किलों को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं।
दरअसल, पुणे में फिल्म के गाने ‘जी जी रे जी’ के लॉन्च इवेंट के दौरान लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि श्रद्धा ने इस गाने के लिए करीब 25 दिनों तक रिहर्सल की थी। इस दौरान वह भारी घुंघरू पहनकर रोजाना लगभग 8 घंटे डांस की प्रैक्टिस करती थीं। खास बात यह है कि श्रद्धा ने अपने दोनों पैरों में 4-4 किलो के घुंघरू पहने थे। यानी उनके पैरों में कुल 8 किलो वजन रहता था।
लंबे समय तक भारी घुंघरू पहनकर डांस करने की वजह से श्रद्धा के पैरों में सूजन भी आ जाती थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी प्रैक्टिस जारी रखी। वह लावणी और तमाशा डांस के हर मूवमेंट को बारीकी से सीखना चाहती थीं, ताकि फिल्म में उनका किरदार पूरी तरह वास्तविक लगे।
शूटिंग के दूसरे दिन हुआ मसल टियर
लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि गाने की शूटिंग का पहला दिन अच्छी तरह पूरा हुआ था, लेकिन दूसरे दिन श्रद्धा को मसल टियर हो गया। चोट की वजह से फिल्म की शूटिंग रोकनी पड़ी। डायरेक्टर ने बताया कि शूटिंग रुकने से उन्हें उतना दुख नहीं हुआ, जितना श्रद्धा को दर्द में रोते हुए देखकर हुआ था।
हालांकि, श्रद्धा ने हार नहीं मानी और करीब एक महीने में चोट से उबर गईं। डायरेक्टर के मुताबिक, ठीक होने के बाद एक्ट्रेस जल्द से जल्द सेट पर वापस लौटना चाहती थीं। लक्ष्मण ने श्रद्धा की तारीफ करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में उनके अलावा कोई दूसरा कलाकार इस किरदार को इतनी अच्छी तरह नहीं निभा सकता था।
क्या है फिल्म Eetha की कहानी?
फिल्म Eetha एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी से प्रेरित है। कहानी एक ऐसी महिला के संघर्ष और सफर को दिखाएगी, जिसने कई मुश्किलों का सामना करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।
फिल्म में श्रद्धा कपूर के अलावा Randeep Hooda, Mohammed Zeeshan Ayyub, Siddharth Jadhav, Ishtiyak Khan और Anant Joshi भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। Maddock Films और Kathputli Creations के बैनर तले बनी यह फिल्म 7 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।