रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस से लेकर दर्शकों के दिलों तक जबरदस्त पकड़ बनाए हुए है। फिल्म को लेकर लगातार सेलेब्स की तारीफें सामने आ रही हैं और अब इस लिस्ट में बॉलीवुड की ‘स्त्री’ यानी श्रद्धा कपूर का नाम भी जुड़ गया है। श्रद्धा ने न सिर्फ फिल्म की खुलकर सराहना की बल्कि इसके दूसरे पार्ट को लेकर अपनी बेसब्री भी जाहिर की है।
श्रद्धा कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी कई स्टोरीज़ शेयर करते हुए लिखा कि आदित्य धर ने इतनी दमदार फिल्म बनाकर दर्शकों की भावनाओं के साथ खेल लिया है, क्योंकि अब पार्ट 2 के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि अगर अगली सुबह शूट नहीं होता, तो वह अभी जाकर फिल्म दोबारा देखतीं। श्रद्धा ने यह भी कहा कि ‘छावा’, ‘सैयारा’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्में 2025 में हिंदी सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि हैं।
इसके साथ ही श्रद्धा कपूर ने फिल्म से जुड़े निगेटिव पीआर और खासतौर पर एक्ट्रेस यामी गौतम को लेकर फैलाए गए मनगढ़ंत विवादों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी नकारात्मक ताकत एक अच्छी फिल्म को नीचे नहीं गिरा सकती। दर्शकों पर भरोसा रखने की बात कहते हुए श्रद्धा ने माना कि ‘धुरंधर’ ने हर तरह की आलोचना को पीछे छोड़कर शानदार प्रदर्शन किया है।
बात करें बॉक्स ऑफिस की तो ‘धुरंधर’ ने महज 11 दिनों में करीब 379.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है और वर्ल्डवाइड भी फिल्म लगातार मजबूत कमाई कर रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई-थ्रिलर में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे दमदार कलाकार नजर आ रहे हैं। दर्शकों और सेलेब्स की एक जैसी राय साफ है ‘धुरंधर’ वाकई एक बड़ी और मजबूत फिल्म है।