महाकुंभ में वायरल हुई ‘नीली आंखों वाली’ मोनालिसा इन दिनों अपनी शादी को लेकर लगातार विवादों में घिरी हुई हैं। मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान से उनकी शादी के बाद मामला और भी ज्यादा चर्चा में आ गया है। अब उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च करने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उनकी उम्र को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के निर्देशक सनोज मिश्रा का कहना है कि मोनालिसा की असली उम्र को लेकर बड़ा खेल किया गया है। उनका दावा है कि महाकुंभ के दौरान मोनालिसा की उम्र लगभग 16 साल बताई गई थी, जबकि अब दस्तावेजों में बदलाव कर उसे 18 साल का दिखाया जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने मोनालिसा की उम्र का सच सामने लाने के लिए मेडिकल जांच कराने की मांग की है।

सनोज मिश्रा ने बताया कि वह इस मामले की सच्चाई जानने के लिए मोनालिसा के परिवार से मिलने मध्य प्रदेश के महेश्वर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि वह मोनालिसा के परिजनों से बातचीत कर यह समझने की कोशिश करेंगे कि आखिर इस पूरे मामले में असल सच्चाई क्या है। उनके मुताबिक, अगर उम्र से जुड़े दस्तावेजों में बदलाव किया गया है, तो यह एक गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।
डायरेक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि मोनालिसा और फरमान की शादी के पीछे एक सुनियोजित साजिश हो सकती है। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम को जिस तरह से अंजाम दिया गया, वह कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा अपने पिता के साथ केरल से महेश्वर के लिए निकली थीं, लेकिन अचानक वह पुलिस स्टेशन पहुंच जाती हैं और कुछ ही समय में मंदिर में शादी की पूरी प्रक्रिया भी पूरी हो जाती है।
सनोज मिश्रा का कहना है कि इतनी जल्दी शादी का आयोजन होना और उसका प्रमाण पत्र जारी हो जाना कई शंकाएं पैदा करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोनालिसा के पिता को यह जानकारी नहीं थी कि फरमान मुस्लिम हैं। उनके मुताबिक, इस मामले में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

डायरेक्टर ने यह भी दावा किया कि इस विवाद के कारण उनकी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म लगभग 80 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी थी और इसमें मोनालिसा का अहम रोल था। फिल्म का टीजर और डबिंग ट्रेलर भी तैयार हो चुका था और इसे बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना बनाई जा रही थी।
मिश्रा के मुताबिक, इस फिल्म को लगभग 2000 स्क्रीन पर रिलीज करने की तैयारी थी। लेकिन हालिया विवाद के चलते पूरा प्रोजेक्ट प्रभावित हो गया और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को बनाने के लिए उन्होंने कर्ज भी लिया था।
सनोज मिश्रा ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले मोनालिसा को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलवाया था, जिन्होंने फिल्म का पोस्टर भी रिलीज किया था। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी और मोनालिसा को उनसे आशीर्वाद दिलाने की योजना बनाई थी।

मोनालिसा की शादी और उनकी उम्र को लेकर उठे इन सवालों ने पूरे मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या वाकई इस मामले में कोई सच्चाई सामने आती है या यह विवाद यूं ही सुर्खियों में बना रहता है।