बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल और किसी व्यक्ति की पहचान और पर्सनैलिटी राइट्स को सुरक्षित रखने की जरूरत पर अपनी बात रखी है। अभिनेत्री का मानना है कि फिल्ममेकिंग में AI काफी मददगार साबित हो सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल इंसानी प्रतिभा और किसी की सहमति की कीमत पर नहीं होना चाहिए।
हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने अनन्या पांडे के पर्सनैलिटी राइट्स को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी। अभिनेत्री ने अपनी पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर अदालत का रुख किया था। इसमें उनके अश्लील डीपफेक कंटेंट, फर्जी एंडोर्समेंट और उनके नाम पर बनाए गए AI चैटबॉट्स जैसे मामले शामिल थे।
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में अनन्या ने AI के बारे में अपने विचार साझा किए और बताया कि किस तरह यह अब हर किसी की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा, “AI जाहिर तौर पर एक ऐसी वास्तविकता है, जिससे हम सभी जूझ रहे हैं। यह कहना थोड़ा मजेदार है कि यह एक ‘रियलिटी’ है, जबकि यह ‘आर्टिफिशियल’ है, लेकिन हमें इसे स्वीकार करना होगा। यह हमारी जिंदगी का हिस्सा है।”
फिल्मों के सेट पर खासकर साउंड एडिटिंग में AI के इस्तेमाल के बारे में बात करते हुए अनन्या ने बताया कि इस तकनीक ने कई प्रक्रियाओं को पहले से ज्यादा आसान और तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि पहले किसी तरह की आवाज या डिस्टर्बेंस के कारण कलाकारों और टेक्नीशियंस को कई बार रीटेक लेने पड़ते थे, लेकिन अब AI की मदद से साउंड को साफ करना और एडिट करना आसान हो गया है।
हालांकि, अभिनेत्री ने AI द्वारा इंसानों की जगह लेने की संभावना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “पहले किसी डिस्टर्बेंस की वजह से हमें बार-बार रीटेक लेने पड़ते थे, लेकिन AI ने इस प्रक्रिया को तेज कर दिया है। साउंड को साफ करना अब जल्दी हो जाता है। लेकिन जब बात AI द्वारा लोगों की जगह लेने की आती है, तब यह डरावना हो जाता है। मुझे व्यक्तिगत रूप से नहीं लगता कि AI कभी इंसानी भावनाओं की जगह ले सकता है।”
अनन्या ने आगे कहा कि AI के इस्तेमाल को लेकर सीमाएं तय करना बेहद जरूरी है, खासकर तब जब किसी व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल उसकी अनुमति के बिना किया जाता है। उनका मानना है कि AI का इस्तेमाल किसी को नीचा दिखाने या उसके बारे में गलत और भ्रामक कंटेंट बनाने के लिए नहीं होना चाहिए।
इस मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि आने वाले समय में क्या होगा, लेकिन हमें इसके खिलाफ अपनी आवाज उठानी होगी, खासकर तब जब AI का इस्तेमाल बिना सहमति के किसी व्यक्ति को नीचा दिखाने या कुछ ऐसा दिखाने के लिए किया जाता है, जो सच नहीं है।”
वहीं, अनन्या अपने शो Call Me Bae के दूसरे सीजन में बेला चौधरी के किरदार में वापसी करेंगी। अपने किरदार के सफर के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि कहानी आगे बढ़ने के साथ दर्शकों को बेला का एक बदला हुआ और विकसित रूप देखने को मिलेगा।
अनन्या को आखिरी बार रोमांटिक ड्रामा Chand Mera Dil में देखा गया था, जिसमें उनके साथ लक्ष्य नजर आए थे। यह फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।