शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म ‘KING’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ 100 दिन बाकी हैं। शाहरुख खान की यह एक्शन थ्रिलर 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का पहला लुक सामने आने के बाद से ही फैंस इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
हाल ही में शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर #AskSRK सेशन के दौरान फैंस के कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उनकी फिल्म ‘KING’ को लेकर हुई। एक फैन ने पूछा कि फिल्म के बाद शाहरुख की अगली फिल्म कौन सी होगी। इसके जवाब में सुपरस्टार ने अपने अंदाज में कहा, “Pata nahi Abhi toh ‘King Akela Kaafi hai’.”
KING की शूटिंग के दौरान लगी चोट
एक फैन ने शाहरुख से पूछा कि ‘KING’ बनाने के दौरान उनके लिए सबसे मुश्किल हिस्सा क्या रहा। इस पर अभिनेता ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें कुछ चोटें लगी थीं, जिसकी वजह से कई बार शूटिंग रोकनी और शुरू करनी पड़ी। हालांकि, उन्होंने बताया कि अब सब ठीक है और फिल्म का काम लगभग पूरा हो चुका है।
Jawan से भी बड़ा होगा KING का एक्शन?
शाहरुख खान से जब पूछा गया कि क्या ‘KING’ में ‘Jawan’ से भी बड़ा एक्शन देखने को मिलेगा, तो उन्होंने कहा कि फिल्म का एक्शन काफी बड़ा है और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने इसके लिए बहुत मेहनत की है। हालांकि, शाहरुख ने यह भी उम्मीद जताई कि फिल्म के इमोशंस और कॉमेडी भी दर्शकों को पसंद आएगी।
टीजर और पोस्टर को लेकर क्या बोले SRK?
एक फैन ने फिल्म के टीजर और पोस्टर में हो रही देरी को लेकर सवाल किया। शाहरुख ने बताया कि निर्देशक सिद्धार्थ आनंद फिल्म को लेकर काफी मेहनत कर रहे हैं और टीम दर्शकों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रही है, ताकि फैंस फिल्म को देखकर गर्व और खुशी महसूस करें।
Siddharth Anand के साथ काम करने का अनुभव
एक फैन ने पूछा कि ‘KING’ के सेट पर ‘Action’ बोलने के बाद निर्देशक सिद्धार्थ आनंद बोलते हैं या फिर ‘King’ खुद फैसला करता है। इस पर शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह आमतौर पर हार्नेस पर तार से लटके होते हैं और सेट पर सिर्फ डायरेक्टर की चलती है। उन्होंने यह भी मजाक किया कि सिद्धार्थ आनंद इतनी जोर से चिल्लाते हैं कि किसी और की आवाज सुनाई ही नहीं देती।
Deepika Padukone और Rani Mukerji के साथ फिर काम करने पर बोले SRK
‘KING’ में दीपिका पादुकोण और रानी मुखर्जी के साथ दोबारा काम करने को लेकर शाहरुख ने कहा कि यह उनके लिए सबसे अच्छा अनुभव है। उन्होंने दोनों को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि अपने बेस्ट फ्रेंड्स के साथ काम करना हमेशा शानदार रहता है।
नए साल की छुट्टियों में KING देखने की अपील
एक फैन ने बताया कि उसने ‘Jawan’ की पूरी टीम के साथ सात दिनों तक फिल्म देखी थी और ‘KING’ में रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीद जताई। इसके जवाब में शाहरुख ने फैंस से फिल्म को छुट्टियों के दौरान देखने की अपील करते हुए कहा कि 24 दिसंबर से 3 जनवरी तक न्यू ईयर की छुट्टियां रहेंगी और यह एक मजेदार फिल्म है।
शाहरुख खान ने #AskSRK के दौरान गणपति उत्सव, अपनी मौजूदा किताब और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के VFX काम से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने बताया कि ‘KING’ के VFX को बेहतरीन बनाने के लिए वह टीम पर लगातार नजर रख रहे हैं।
‘KING’ का सह-लेखन और निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल नजर आएंगे। फिल्म को गौरी खान, आनंद और ममता आनंद प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म Red Chillies Entertainment और Marflix Pictures के बैनर तले बनाई जा रही है।