भारत के सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो में से एक ‘बिग बॉस’ अपने 20 साल पूरे करने जा रहा है। इस खास मौके पर एंडेमोल शाइन इंडिया ने शो को लेकर ऐसा ऐतिहासिक कदम उठाया है, जो भारतीय रियलिटी टेलीविजन के लिए पहली बार होने जा रहा है। ‘बिग बॉस’ का नया सीजन देश की छह अलग-अलग भाषाओं में एक ही रात एक साथ शुरू किया जाएगा।
बिग बॉस के हिंदी, बंगाली, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम संस्करण एक साथ दर्शकों के बीच पहुंचेंगे। इससे पहली बार देश के अलग-अलग हिस्सों के दर्शक अपने पसंदीदा रियलिटी शो को अपनी-अपनी भाषा में एक ही रात देख सकेंगे।
इस खास मौके को और भी यादगार बनाने के लिए अलग-अलग भाषाओं के सभी मेजबान एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। वे अपनी-अपनी भाषा के ‘बिग बॉस’ के साथ दिखाई देंगे। रियलिटी टेलीविजन के इतिहास में एक ही प्रारूप को छह भाषाओं में एक ही शाम लॉन्च करने का यह अनोखा प्रयोग माना जा रहा है।
बिग बॉस हिंदी की मेजबानी सलमान खान करेंगे। वहीं बिग बॉस बंगला की कमान सौरव गांगुली, बिग बॉस कन्नड़ की मेजबानी किच्चा सुदीप, बिग बॉस तेलुगु की मेजबानी नागार्जुन अक्किनेनी, बिग बॉस तमिल की मेजबानी विजय सेतुपति और बिग बॉस मलयालम की मेजबानी मोहनलाल करेंगे।
‘बिग बॉस’ के 20वें सीजन में सलमान खान एक बार फिर मेजबान की भूमिका में नजर आएंगे। इसके साथ ही वह ‘वीकेंड का वार’ के दौरान मार्गदर्शक के रूप में भी शो की कमान संभालेंगे। नए सीजन में नए प्रतियोगियों के साथ रिश्तों, रणनीति, टकराव, भावनाओं और मनोरंजन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। शो रोजाना रात 9 बजे जियोहॉटस्टार और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। 20 साल पूरे होने के मौके पर छह भाषाओं में एक साथ होने वाला यह प्रीमियर ‘बिग बॉस’ की लोकप्रियता और इसके लंबे सफर को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी है।