बिग बॉस 19 से लोकप्रियता हासिल करने वाली एक्ट्रेस फरहाना भट्ट इन दिनों अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में खबरें सामने आई थीं कि फरहाना टीवी के पॉपुलर सुपरनैचुरल शो ‘नागिन 9’ का हिस्सा बन सकती हैं। इस खबर के सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई थी। हालांकि, अब एक्ट्रेस ने खुद इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कर दिया है कि वह इस शो का हिस्सा नहीं हैं।
दरअसल, पिछले कुछ समय से फरहाना भट्ट का नाम ‘नागिन 9’ की कास्टिंग को लेकर चर्चा में था। सोशल मीडिया पर भी उनके शो में शामिल होने की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं। ऐसे में एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
फरहाना ने एक नोट शेयर करते हुए बताया कि उनके ‘नागिन’ से जुड़ने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि वह इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई नहीं हैं। हालांकि, एक्ट्रेस ने शो की पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं और उनके नए सफर के लिए अपना प्यार जाहिर किया।
अपने नोट में फरहाना ने लिखा, “बस यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि मेरे नागिन का हिस्सा बनने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं साफ कर देना चाहती हूं कि इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और मैं इस प्रोजेक्ट से जुड़ी नहीं हूं। हालांकि, नागिन की पूरी टीम को ढेर सारा प्यार और उनके नए सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं भी जल्द ही अपने आने वाले काम से जुड़ी कुछ दिलचस्प अपडेट आप सभी के साथ शेयर करने का इंतजार कर रही हूं। आपके प्यार और उत्सुकता के लिए धन्यवाद। तब तक जुड़े रहिए।”
इस बयान के साथ ही फरहाना ने ‘नागिन 9’ में उनकी एंट्री को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। हालांकि, उनके नोट का सबसे दिलचस्प हिस्सा वह है, जिसमें उन्होंने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर जल्द अपडेट देने की बात कही है।
बिग बॉस 19 में अपने सफर के बाद से ही फरहाना के फैंस उनके अगले प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल एक्ट्रेस ने नागिन 9 से दूरी साफ कर दी है, लेकिन उनके अपकमिंग काम को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।