मुंबई। मशहूर फिल्मकार पार्थो घोष का 75 साल की उम्र में सोमवार की सुबह निधन हो गया। उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है। पार्थो घोष ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में दीं, जिसमें जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘100 डेज’, मिथुन चक्रवर्ती के साथ ‘दलाल’, नाना पाटेकर-जैकी श्राफ की ‘अग्नि साक्षी’ जैसी फिल्में भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्थो घोष मुंबई के मड आइलैंड इलाके में रह रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
एक्ट्रेस रितुपर्णा सेनगुप्ता ने उनकी मौत की दुखद खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, मैं बहुत दुखी हूं। हमने एक असाधारण प्रतिभा, एक दूरदर्शी निर्देशक और एक दयालु आत्मा को खो दिया है। पार्थो दा, आपको हमेशा स्क्रीन पर आपके द्वारा लाए गए जादू के लिए याद किया जाएगा। रेस्ट इन पीस। हिंदी फिल्मों के साथ साथ पार्थो घोष ने बंगाली सिनेमा में भी योगदान दिया था।
पार्थो घोष का जन्म 08 जून 1949 को पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर में हुआ था। उनका बचपन साहित्य, कला और संगीत में ही बीता। सिनेमा के प्रति जुनून ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री की तरफ आकर्षित किया था। वर्ष 1985 में उन्होंने एक सहायक निर्देशक के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। पार्थो घोष ने वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म ‘100 डेज’ का निर्देशन किया। इस संस्पेंस-थ्रिलर फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों द्वारा अच्छा रिस्पांस मिला था। इस फिल्म में माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ जैसे बड़े सितारे मुख्य भूमिका में थे। इसके बाद पार्थो घोष ने वर्ष 1992 में दिव्या भारती और अविनाश वधावन अभिनीत ‘गीत’ का निर्देशन किया। हालांकि, साल 1993 में मिथुन चक्रवर्ती और आयशा जुल्का अभिनीत उनकी फिल्म ‘दलाल’ ने उन्हें एक प्रतिष्ठित निर्देशक के रूप में पहचान दी।