महाकुंभ से वायरल हुईं मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका निजी जीवन और गंभीर आरोप हैं। हाल ही में शादी करने के बाद मोनालिसा ने फिल्ममेकर सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया गया और उन्हें कई बार अनुचित तरीके से छुआ गया। कोच्चि में पति फरमान खान के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने भावुक होकर अपनी आपबीती सुनाई और कहा कि वे इस समय दबाव और धमकियों का सामना कर रहे हैं।
शूटिंग के दौरान गलत व्यवहार का आरोप
मोनालिसा ने आरोप लगाया कि कथित घटनाएं नेपाल और देहरादून में फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान हुईं। उन्होंने कहा कि सनोज मिश्रा ने सेट पर उनके साथ कई बार बदतमीज़ी की। मोनालिसा के मुताबिक, उन्हें पकड़कर गलत तरीके से छुआ गया और यह घटना एक से अधिक बार हुई। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने अपने परिवार को भी इस बारे में बताया था, लेकिन उन्हें कोई समर्थन नहीं मिला।

मोनालिसा ने कहा कि जब उन्होंने परिवार को यह बात बताई तो उन्हें समझाने की बजाय फिल्म पर ध्यान देने को कहा गया। उनका दावा है कि परिवार ने इसे नजरअंदाज कर दिया और उन्हें चुप रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के बजट को लेकर भी उन्हें गलत जानकारी दी गई और उन्हें मीडिया में बदनाम करने की धमकी दी गई।
पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा से पूछा गया कि उन्होंने पहले पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की। इस पर उन्होंने कहा कि वह शिकायत करना चाहती थीं, लेकिन परिवार ने उन्हें रोक दिया। उनके अनुसार, उस समय उन्हें कोई सहारा नहीं मिला और वह अकेली पड़ गईं। मोनालिसा ने कहा कि अगर परिवार साथ देता तो वह पहले ही आवाज उठातीं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि फिल्म के नाम पर कम उम्र की लड़कियों को झांसा देने का प्रयास किया जाता है। मोनालिसा ने आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा फिल्म में काम दिलाने का लालच देकर अनुचित व्यवहार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सब उनके लिए बेहद मुश्किल अनुभव था और अब वह खुलकर सामने आना चाहती हैं।
शादी के बाद बढ़ा विवाद
मोनालिसा ने हाल ही में फरमान खान से शादी की है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से उन पर दबाव और धमकियां बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से सुरक्षा की मांग भी की है।

मोनालिसा ने आरोप लगाया कि उनकी शादी को लेकर भी विवाद पैदा किया जा रहा है और इसे ‘लव जिहाद’ का नाम दिया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है और उनके पति ने उन पर धर्म बदलने का कोई दबाव नहीं डाला। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की और सभी धर्मों का सम्मान करती हैं।
निजी जिंदगी में दखल देने का आरोप
मोनालिसा ने यह भी आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा उनकी निजी जिंदगी में हस्तक्षेप कर रहे हैं। उनका दावा है कि उनके परिवार को भड़काया जा रहा है और उनके पति के खिलाफ गलत बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति को लेकर भी गलत आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं।

11 मार्च को की शादी
जानकारी के मुताबिक, मोनालिसा ने 11 मार्च को केरल के तिरुवनंतपुरम में फरमान खान से शादी की थी। उन्होंने बताया कि परिवार इस शादी के खिलाफ था और उनकी कहीं और शादी कराने की कोशिश की जा रही थी। ऐसे में उन्होंने खुद फैसला लेकर शादी की। बताया गया कि वह बालिग हैं, इसलिए उन्हें अपना जीवनसाथी चुनने का अधिकार है।

मोनालिसा के इन आरोपों के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर इस पूरे विवाद को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं उनके आरोपों ने फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया दोनों में हलचल मचा दी है और अब सभी की नजर इस मामले में आगे होने वाले घटनाक्रम पर टिकी है।