हॉरर और सस्पेंस पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। चर्चित हॉरर थ्रिलर फिल्म ईशा की भारत में ओटीटी रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म पहले विदेशों में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी थी, लेकिन अब मेकर्स ने भारतीय दर्शकों के लिए भी इसकी स्ट्रीमिंग डेट की घोषणा कर दी है। जल्द ही दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे।
फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली एक्ट्रेस हेबा पटेल के साथ पूरी टीम ने रिलीज से पहले इसका जोरदार प्रमोशन किया था, जिससे दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला। थिएटर रिलीज के बाद फिल्म को समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला कुछ ने इसकी कहानी और माहौल की तारीफ की, तो कुछ ने इसके अलग अंदाज को लेकर मिश्रित राय दी।
जानकारी के अनुसार, फिल्म 17 फरवरी से भारत के बाहर Prime Video पर स्ट्रीम होना शुरू हो गई थी। इस खबर से भारतीय दर्शकों में थोड़ी निराशा थी क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि फिल्म एक साथ हर जगह रिलीज होगी। हालांकि अब इंतजार खत्म हो गया है ‘ईशा’ 20 फरवरी से भारत में भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इस तारीख की पुष्टि फिल्म की स्टार कास्ट ने सोशल मीडिया के जरिए की है।
बताया जा रहा है कि फिल्म का ओटीटी रन लगभग आठ हफ्तों तक रहेगा, जो तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अपेक्षाकृत कम देखने को मिलता है। आम तौर पर फिल्में जल्दी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ जाती हैं, लेकिन ‘ईशा’ के मामले में मेकर्स ने थोड़ा अलग प्लान अपनाया है। फिलहाल फिल्म के हिंदी या अन्य भाषाओं में डब वर्जन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत है। हेबा पटेल के अलावा इसमें अदित अरुण, अखिल राज, सिरी हनमंथ और पृथ्वीराज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म का निर्देशन श्रीनिवास मन्ने ने किया है, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी केएल दामोदर प्रसाद ने संभाली है। संगीत आरआर ध्रुवन ने तैयार किया है, जो फिल्म के डरावने और रहस्यमय माहौल को और प्रभावी बनाता है।
अगर कहानी की बात करें तो ‘ईशा’ चार बचपन के दोस्तों की कहानी है, जो अंधविश्वास को चुनौती देने की कोशिश करते हैं। उनकी यह जिज्ञासा उन्हें एक ऐसी रहस्यमयी और शक्तिशाली आध्यात्मिक शक्ति के सामने ला खड़ा करती है, जो उनकी सोच और विश्वास को पूरी तरह बदल देती है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, जिंदगी और मौत से जुड़े कई रहस्य सामने आते हैं और सस्पेंस गहराता जाता है।
फिल्म का माहौल, बैकग्राउंड स्कोर और थ्रिलिंग सीक्वेंस इसे हॉरर जॉनर के दर्शकों के लिए खास बनाते हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर रिलीज के बाद ‘ईशा’ को दर्शकों से कैसा रिस्पॉन्स मिलता है और क्या यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी वही चर्चा बटोर पाती है, जो रिलीज से पहले देखने को मिली थी।
अगर आप रहस्य, डर और सस्पेंस से भरी कहानी देखने के शौकीन हैं, तो ‘ईशा’ आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल हो सकती है।