‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से जिस दुनिया के किरदारों और उनकी दुश्मनी को दर्शक पसंद करते आए हैं, वह एक बार फिर ओटीटी पर लौट आई है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अब अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। खास बात यह है कि ओटीटी पर फिल्म का एक्सटेंडेड कट रिलीज किया गया है, जिसमें सिनेमाघरों में दिखाई गई फिल्म के मुकाबले कुछ अतिरिक्त सीन भी जोड़े गए हैं। ऐसे में थिएटर में फिल्म देख चुके दर्शकों को भी इस बार कुछ नया देखने का मौका मिलेगा।
30 अक्टूबर से प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 30 अक्टूबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है। इस बार फिल्म का रनटाइम भी बढ़ा दिया गया है। सिनेमाघरों में रिलीज हुए वर्जन की अवधि 3 घंटे 17 मिनट थी, जबकि ओटीटी पर उपलब्ध एक्सटेंडेड कट 3 घंटे 31 मिनट का है। यानी दर्शकों को करीब 14 मिनट का अतिरिक्त कंटेंट देखने को मिलेगा।
इसमें कुछ ऐसे सीन शामिल किए गए हैं, जिन्हें थिएटर रिलीज के दौरान नहीं दिखाया गया था। फिल्म को सिनेमाघरों में एडल्ट सर्टिफिकेट मिला था।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी फ्रेंचाइजी के पहले सीजन के दौर से जुड़ी हुई है। इसमें दर्शकों को कुछ ऐसे घटनाक्रम देखने को मिलते हैं, जो पहले कहानी का हिस्सा नहीं बने थे। इस बार सत्ता की लड़ाई और किरदारों के बीच टकराव का दायरा पूर्वांचल से निकलकर रेगिस्तान तक पहुंचता है।
हालांकि, कहानी में सत्ता, बदले और आपसी दुश्मनी का वही अंदाज बरकरार है, जिसके लिए ‘मिर्जापुर’ को जाना जाता है। फिल्म के जरिए मेकर्स ने इस लोकप्रिय दुनिया को बड़े पर्दे के अंदाज में पेश किया है।
डायरेक्टर गुरमीत सिंह ने जताई खुशी
फिल्म के निर्देशक गुरमीत सिंह ने इसके ओटीटी प्रीमियर को लेकर खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि फिल्म बनाने का उद्देश्य दर्शकों की पसंदीदा दुनिया को एक बड़े कैनवस पर दिखाना था। उन्होंने बताया कि किरदारों को नए नजरिए से पेश करने के साथ फ्रेंचाइजी की पुरानी पहचान और उसके इंटेंस अंदाज को बनाए रखने की कोशिश की गई है।
निर्देशक ने एक्सटेंडेड कट को फैंस के लिए खास सरप्राइज बताया। उनके मुताबिक, इसमें शामिल नए सीन दर्शकों को कहानी और किरदारों को थोड़ा और करीब से समझने का मौका देंगे।
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की इस फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी गुरमीत सिंह ने संभाली है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, हर्षिता गौड़, राजेश तैलंग, मोहित मलिक, श्रिया पिलगांवकर और शीबा चड्ढा जैसे कलाकार शामिल हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि थिएटर में फिल्म देखने के बाद दर्शक इसके एक्सटेंडेड वर्जन को कितना पसंद करते हैं।