नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के पहले पार्ट के बाद अब दर्शकों को इसके दूसरे पार्ट का इंतजार है। फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में भगवान हनुमान की झलक दिखाई गई थी, जिसके बाद से ही फैंस उनके किरदार को लेकर उत्साहित हैं। अब फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने भगवान हनुमान के किरदार और इसमें सनी देओल की कास्टिंग को लेकर खुलकर बात की है।
दरअसल, Gold Derby को दिए एक इंटरव्यू में नमित मल्होत्रा ने भगवान हनुमान की तुलना मार्वल के सुपरहीरो आयरन मैन से की। उन्होंने हनुमान को महाकाव्य रामायण के सबसे पसंदीदा किरदारों में से एक बताया। नमित ने कहा, “उन्हें हमारे आयरन मैन की तरह समझिए, क्योंकि वह दर्शकों के सबसे पसंदीदा किरदार हैं। अगली फिल्म में हनुमान की मौजूदगी कहानी को एक अलग स्तर पर ले जाएगी। यह किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं होने वाला है।”
अगले पार्ट में दिखेगा भगवान हनुमान का दमदार किरदार
नमित मल्होत्रा ने बताया कि मेकर्स ने जानबूझकर भगवान हनुमान की पूरी एंट्री फिल्म के दूसरे पार्ट के लिए रखी थी। पहले पार्ट के आखिर में दर्शकों को उनकी एक छोटी सी झलक दिखाई गई, ताकि कहानी को लेकर उत्सुकता बनी रहे। उनके मुताबिक, भगवान हनुमान की मौजूदगी राम की आगे की यात्रा को बेहद खास बनाने वाली है।
सनी देओल ही क्यों बने भगवान हनुमान?
इंटरव्यू के दौरान नमित ने भगवान हनुमान के किरदार के लिए सनी देओल को चुनने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि इस किरदार के लिए ऐसे कलाकार की जरूरत थी, जो मासूमियत और अपनापन दिखाने के साथ-साथ गुस्से में पहाड़ तक हिला देने वाली ताकत भी रखता हो। नमित को लगता है कि सनी देओल में ये दोनों खूबियां मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, “सनी ने ऐसी कई फिल्में की हैं, जिनमें वह एक प्यारे और मासूम इंसान से अचानक ऐसा रूप ले लेते हैं कि पहाड़ तक हिला सकते हैं। वह बिना कभी किसी सुपरहीरो का किरदार निभाए भी भारत के सुपरहीरोज में से एक के रूप में पहचाने जाते हैं।”
नमित के मुताबिक, रामायण का अगला पार्ट पहले से कहीं बड़े स्तर पर बनाया जाएगा। भगवान राम के साथ हनुमान की मौजूदगी कहानी को और भी भव्य और खास बनाएगी। उनका मानना है कि रामायण की असली कहानी इसी पड़ाव से आगे बढ़ती है।
पहले पार्ट के पोस्ट-क्रेडिट सीन में मिली थी हनुमान की झलक
फिल्म के पहले पार्ट के पोस्ट-क्रेडिट सीन में भगवान हनुमान की एक दमदार झलक दिखाई गई थी। हालांकि, उस दौरान उनका चेहरा नहीं दिखाया गया था, लेकिन उन्हें हाथ में गदा लेकर उड़ते हुए और ‘जय श्री राम’ का जाप करते हुए दिखाया गया। इस सीन के बैकग्राउंड में दिलजीत दोसांझ की आवाज में हनुमान चालीसा सुनाई दी थी।
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2028 में रिलीज होने वाला है।