हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान को ब्रेन हेमरेज के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर सामने आते ही परिवार, दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री के कई करीबी लोग अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे लगातार मेडिकल निगरानी में हैं।
छोटी सर्जिकल प्रोसीजर, ब्रेन सर्जरी नहीं
अस्पताल के डॉक्टर जलील पार्कर ने बताया कि सलीम खान की डिजिटल सब्स्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी यानी DSA की गई है। यह एक हाई-क्वालिटी जांच प्रक्रिया होती है, जिससे दिमाग की नसों में ब्लॉकेज या समस्या को साफ देखा जा सकता है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि यह ब्रेन सर्जरी नहीं बल्कि एक छोटी सर्जिकल प्रोसीजर है। यदि रिकवरी इसी तरह जारी रही तो उन्हें जल्द ही वेंटिलेटर सपोर्ट से हटाया जा सकता है।
परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे। सलमान खान देर रात तक अस्पताल में मौजूद रहे। उनकी पत्नी सलमा खान, बेटियां अलवीरा और अर्पिता, दामाद आयुष शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद रहें । अरबाज खान भी पिता से मिलने पहुंचे।
फिल्म इंडस्ट्री से भी कई लोग उनका हाल जानने आए, जिनमें उनके लंबे समय के सहयोगी जावेद अख्तर और अभिनेता संजय दत्त शामिल हैं। सभी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सलीम खान को इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, जिसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है। फिलहाल उन्हें डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा और कुछ दिनों तक अस्पताल में निगरानी में रखा जाएगा ताकि रिकवरी पर नजर रखी जा सके।
शानदार करियर की विरासत
90 वर्षीय सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से की थी, लेकिन अच्छे रोल्स ना मिल पाने की वजह से उन्होंने लेखन में अपनी असली पहचान बनाई। कई यादगार फिल्मों की पटकथा लिखकर उन्होंने भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी और एक मजबूत विरासत छोड़ी।
दुआओं का सिलसिला जारी
सलीम खान की तबीयत को लेकर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।