COLORS के नए शो ‘Queen’ में एक्ट्रेस शगुन शर्मा नीति के दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं। यह शो सत्ता, राजनीति, परिवार और खुद के अस्तित्व की लड़ाई पर आधारित है। कहानी ग्वालियर की रहने वाली एक ऐसी लड़की नीति की है, जिसकी दुनिया अपनी बहनों के इर्द-गिर्द घूमती है। वह अपनी बहनों को एक बेहतर और सुरक्षित जिंदगी देना चाहती है, लेकिन हालात उसे एक ऐसे राजनीतिक परिवार के बीच लाकर खड़ा कर देते हैं, जहां हर रिश्ता किसी न किसी स्वार्थ और साजिश से जुड़ा हुआ है।
शो में महेंद्र प्रताप सिंह तोमर एक महत्वाकांक्षी डिप्टी चीफ मिनिस्टर हैं, जो अपनी राजनीतिक सत्ता और परिवार की प्रतिष्ठा को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। वहीं, नीति उनके प्रभाव और ताकत के सामने झुकने के बजाय अपनी पहचान और सम्मान के लिए लड़ने का फैसला करती है। महेंद्र अपनी राजनीतिक चालों के जरिए नीति को अपने ही परिवार में शादी करने के लिए मजबूर कर देते हैं। इसके बाद नीति की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। अब उसके सामने न सिर्फ अपनी गरिमा और भविष्य बचाने की चुनौती है, बल्कि अपनी बहनों की सुरक्षा भी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
इस शो में नीति का सफर एक ऐसी लड़की की कहानी है, जिसे शुरुआत में कमजोर समझा जाता है, लेकिन धीरे-धीरे वह अपनी ताकत पहचानने लगती है। इसी बीच शगुन शर्मा ने अपने किरदार, शो की कहानी और अपने अनुभवों को लेकर खुलकर बातचीत की।
नीति का किरदार शगुन के लिए क्यों है खास?
शो से जुड़ने के सवाल पर शगुन ने बताया कि ‘Queen’ सत्ता, संघर्ष और अस्तित्व की लड़ाई की कहानी है। उन्हें नीति का किरदार इसलिए पसंद आया क्योंकि यह उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर कुछ नया करने का मौका देता है। उनके मुताबिक, नीति एक ऐसी लड़की है जिसके लिए उसकी बहनें ही पूरी दुनिया हैं। वह सत्ता या ताकत हासिल करने के सपने नहीं देखती, लेकिन हालात उसे ऐसे लोगों के सामने खड़ा कर देते हैं, जिनके पास हर तरह का प्रभाव और अधिकार है।
शगुन ने बताया कि नीति के लिए यह लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि बेहद निजी भी है। उसकी इज्जत, भविष्य और बहनों की सुरक्षा दांव पर लगी है। यही बात इस कहानी को दिलचस्प बनाती है।
पहले निभाए किरदारों से कितना अलग है नीति का रोल?
अपने पिछले किरदारों से नीति की तुलना करते हुए शगुन ने कहा कि उन्होंने अब तक कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन नीति का सफर बिल्कुल अलग है। यह सिर्फ पारिवारिक परेशानियों से जूझने वाली लड़की की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसी महिला की कहानी है जिसे एक खतरनाक पावर गेम का हिस्सा बनने के लिए मजबूर कर दिया जाता है।
शगुन के मुताबिक, नीति के अंदर डर भी है और उसी डर के बावजूद लड़ने का साहस भी। एक कलाकार के तौर पर उन्हें इस किरदार की कमजोरी और धीरे-धीरे उभरती ताकत दोनों दिखाने का मौका मिल रहा है।
अनुभवी कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव
जाकिर हुसैन और श्रुति सेठ जैसे कलाकारों के साथ काम करने को लेकर शगुन ने कहा कि यह उनके लिए शानदार अनुभव रहा है। उन्होंने जाकिर हुसैन की स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की और बताया कि उनके साथ सीन करते समय पूरी तरह किरदार में रहना पड़ता है। वहीं, श्रुति सेठ भी अपने अनुभव और ऊर्जा से हर सीन को खास बना देती हैं। शगुन का मानना है कि इस तरह की बेहतरीन स्टारकास्ट के साथ काम करने से हर कलाकार को अपने किरदार को और बेहतर तरीके से समझने का मौका मिलता है।
कम आंकना बन सकता है आपकी सबसे बड़ी ताकत
नीति का किरदार निभाते हुए अपनी सबसे बड़ी सीख के बारे में शगुन ने कहा, “मैंने सीखा कि कम आंका जाना आपकी सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।” उन्होंने बताया कि कई बार जिंदगी में ऐसे हालात आते हैं, जब हम खुद को किसी चुनौती के लिए तैयार नहीं समझते। हमें यह भी नहीं पता होता कि अगला सही कदम क्या होगा, लेकिन फिर भी फैसला लेना पड़ता है।
शगुन ने आगे कहा कि जब भी इंसान खुद को कमजोर महसूस करता है, तो उसे तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय थोड़ा रुककर सोचना चाहिए। वह खुद भी किसी मुश्किल परिस्थिति में पहले शांत होकर हालात को समझने की कोशिश करती हैं। उनके मुताबिक, हर बार अपनी ताकत का ऐलान करना जरूरी नहीं होता। कई बार चुपचाप मेहनत करना और सही समय पर अपने काम से जवाब देना ही सबसे अच्छा कदम होता है।
कब और कहां देख सकेंगे ‘Queen’?
शगुन शर्मा ने ‘खतरों के खिलाड़ी’ के बाद एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने की बात कही और सभी से इस नए शो को देखने की अपील की। ‘Queen’ का प्रीमियर 16 नवंबर को रात 8:30 बजे COLORS पर हुआ। इसके बाद यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 8:30 बजे COLORS और JioHotstar पर प्रसारित हो रहा है।