चाहे उम्र का अंतर हो, समाज की उम्मीदें हों या किसी के सामने अपना दिल खोलने से जुड़ी असुरक्षाएं, प्यार के मामले अक्सर ऐसे कई सवाल लेकर आते हैं जिनके जवाब आसान नहीं होते। रिश्तों और प्यार को एक नए नजरिए से पेश करने वाला COLORS का शो ‘शायद यही है प्यार’ इन दिनों प्यार के अलग-अलग पहलुओं को दिखा रहा है। शो में अदिति देव शर्मा प्रीति और दक्ष पुरी आरव की भूमिका निभा रहे हैं। यह शो लोकप्रिय कोरियन ड्रामा ‘समथिंग इन द रेन’ का भारतीय रूपांतरण है। इसकी कहानी ने दर्शकों के मन में यह सवाल खड़ा किया है कि क्या प्यार उम्र के फासले को पार कर सकता है? और जब प्रीति और आरव का रिश्ता धीरे-धीरे आगे बढ़ता नजर आ रहा है, तभी उनकी प्रेम कहानी में एक नई परेशानी आने वाली है और वह है जलन!
कहानी में एक नया मोड़ लाने के लिए इंटरनेशनल मॉडल और अभिनेत्री इरीना रुडाकोवा फिक्शन शो में वापसी कर रही हैं। वह जोए के किरदार में नजर आएंगी, जो आरव की अमेरिका में रहने वाली पूर्व प्रेमिका है। आत्मविश्वास से भरी, ग्लैमरस और अपनी चाहत को लेकर स्पष्ट जोए के मन में आरव के लिए भावनाएं अभी भी बाकी हैं।
जोए प्रीति को बताती है कि वह आरव के साथ अपना रिश्ता दोबारा शुरू करना चाहती है। इतना ही नहीं, वह आरव को प्रपोज करने के बारे में भी सोच रही है, ताकि दोनों अपने रिश्ते को एक और मौका दे सकें। जोए की यह बात सुनकर प्रीति परेशान हो जाती है। जोए कम उम्र की है, बेहद खूबसूरत है और उसका आरव के साथ पहले भी रिश्ता रह चुका है। ऐसे में प्रीति अपनी जिंदगी में अपनी जगह को लेकर सवाल करने लगती है।
जिस उम्र के अंतर को प्रीति अब तक नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही थी, वह एक बार फिर उसके सामने आ जाता है। उसे लगने लगता है कि कहीं आरव उससे कम उम्र की किसी लड़की की तरफ आकर्षित तो नहीं हो जाएगा।
मुश्किलें तब और बढ़ जाती हैं जब जोए प्रीति के घर पर ही रहने लगती है। आरव अपनी पूर्व प्रेमिका को सहज महसूस कराने की कोशिश करता है, लेकिन दोनों की बढ़ती नजदीकियां प्रीति के लिए नजरअंदाज करना मुश्किल हो जाता है। कभी जोए का आरव का हाथ पकड़ना तो कभी प्रीति का दोनों को दूर रखने की कोशिश करना, हर पल उनके रिश्ते में तनाव बढ़ाता है।
जहां जोए अपने पुराने प्यार को दोबारा पाने की उम्मीद कर रही है, वहीं प्रीति अपनी उन असुरक्षाओं से जूझ रही है जिन्हें वह पीछे छोड़ चुकी थी। ऐसे में सवाल यह है कि क्या प्रीति और आरव का प्यार इस जलन और असुरक्षा की परीक्षा में खरा उतर पाएगा?
शो में वापसी और ‘शायद यही है प्यार’ का हिस्सा बनने को लेकर इरीना रुडाकोवा कहती हैं, “भारत ने मुझे पिछले कई सालों में बहुत प्यार दिया है और अब यहां एक प्रेम कहानी का हिस्सा बनना मेरे लिए ऐसा है जैसे सब कुछ एक बार फिर अपनी जगह पर आ गया हो। काफी समय तक अलग-अलग रियलिटी फॉर्मेट में काम करने के बाद फिक्शन की दुनिया में वापसी करके मैं सचमुच बहुत खुश हूं।
दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में घूमने के बाद मैंने देखा है कि प्यार एक ऐसी भावना है जिसे हर जगह पसंद किया जाता है, लेकिन भारत में इसे जिस तरह महसूस किया जाता है, व्यक्त किया जाता है और समझा जाता है, वह सांस्कृतिक रूप से काफी अलग है। मुझे भारत की यह बात बेहद खूबसूरत लगती है। यहां रिश्तों में एक अलग तरह की गहराई, गर्मजोशी और भावनात्मक जुड़ाव है, जो साधारण पलों को भी खास बना देता है। मैं इस शो के जरिए भारतीय दर्शकों के साथ अपने रिश्ते को और मजबूत करने के लिए उत्साहित हूं और उम्मीद करती हूं कि दर्शकों को जोए का किरदार उतना ही पसंद आएगा, जितना मुझे उसे निभाने में मजा आया है।”