मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल के जन्मदिन के खास मौके पर उनकी आने वाली फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का दमदार टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में सनी देओल एक बिल्कुल नए और पहले से अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। क्राइम थ्रिलर पर आधारित इस फिल्म की कहानी मेडिकल सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार और उसके पीछे छिपे चौंकाने वाले सच को सामने लाने की कोशिश करती है।
फिल्म के मोशन पोस्टर को दर्शकों और सनी देओल के फैंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। पोस्टर में उनका रफ और गंभीर लुक काफी चर्चा में रहा। अब टीजर के जरिए मेकर्स ने फिल्म की कहानी की झलक दिखाई है, जो इमोशन, सस्पेंस, जांच और एक्शन से भरपूर नजर आती है।
टीजर की शुरुआत एक निजी दुख और बीते हुए दर्द से जूझ रहे एक व्यक्ति से होती है। धीरे-धीरे कहानी मेडिकल सिस्टम से जुड़ी कुछ परेशान करने वाली घटनाओं की ओर बढ़ती है। शुरुआत में यह मामला निजी नुकसान से जुड़ा लगता है, लेकिन आगे चलकर इसके पीछे एक बड़ी साजिश और ऐसा सच सामने आने के संकेत मिलते हैं, जिसे छिपाने की कोशिश की जा रही है।
टीजर में बताया गया है कि फिल्म अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। साथ ही, मेडिकल सिस्टम के चौंकाने वाले सच की ओर भी इशारा किया गया है। इससे फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती है।
फिल्म में अलग अंदाज में नजर आए सनी देओल
‘सूर्या’ में सनी देओल का किरदार उनके पहले के कई दमदार किरदारों से अलग दिखाई देता है। इस बार उनके अंदाज में गुस्से और एक्शन के साथ दर्द, भावनाएं और सच्चाई की तलाश भी देखने को मिलती है। टीजर में वह मेडिकल दस्तावेजों की जांच करते, अस्पताल से जुड़े रहस्यमयी दृश्यों के बीच सुराग तलाशते और खतरनाक परिस्थितियों का सामना करते नजर आते हैं।
कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, उनका किरदार एक ऐसे व्यक्ति के रूप में सामने आता है, जो सिर्फ किसी दुश्मन से नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम से टक्कर लेने के लिए तैयार है। टीजर में रवि किशन की भी दमदार झलक देखने को मिलती है, जबकि प्रज्ञा जायसवाल भी नजर आती हैं।
निर्देशक ने सनी देओल के किरदार को लेकर कही यह बात
फिल्म के निर्देशक एम. पद्मकुमार ने बताया कि उनकी कोशिश सनी देओल को ऐसे किरदार में पेश करने की थी, जिसमें दर्शकों ने उन्हें पहले नहीं देखा है। उनके मुताबिक, फिल्म में सनी का किरदार अपने अतीत के गहरे दर्द से गुजर रहा है, लेकिन यही दर्द उसे सच की तलाश करने के लिए प्रेरित करता है।
निर्देशक ने कहा कि कहानी की शुरुआत एक निजी घटना से होती है, जो धीरे-धीरे मेडिकल सिस्टम से जुड़ी एक बड़ी और परेशान करने वाली सच्चाई को सामने लाती है। उन्होंने यह भी बताया कि सनी देओल ने अपने किरदार में भावनात्मक गहराई, संवेदनशीलता और गंभीरता को बखूबी दिखाया है। फिल्म में एक्शन और टकराव के साथ-साथ किरदार की भावनाएं और उसके सवाल पूछते रहने की वजह भी अहम है।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म का टैगलाइन ‘अंत से आरंभ तक’ इसकी कहानी को एक अलग अर्थ देता है। यह संकेत देता है कि जो किसी कहानी का अंत दिखाई देता है, वही एक बड़ी जांच की शुरुआत भी हो सकता है। फिल्म में सनी देओल का किरदार अपने अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ है, जहां सच की तलाश उसे ऐसे लोगों के सामने खड़ा कर देती है, जो राज को सामने नहीं आने देना चाहते।
एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के अलावा रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा, टीनू आनंद, विर्ति वघानी, जीशु सेनगुप्ता, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कमल मुकुट की फिल्म ‘सूर्या’ को दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने MM Moviez के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म का म्यूजिक जी म्यूजिक कंपनी के पास है। ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Teaser Link : https://youtu.be/UTgecrJoTZc?si=S2pWCZFWKZyIZaFY