Bigg Boss 20 में इन दिनों कनिका मान के गेमप्ले को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। घर के अंदर उनके फैसलों और बयानों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, अब कनिका की टीम खुलकर उनके समर्थन में सामने आई है। टीम ने उन आरोपों पर पलटवार किया है, जिनमें कहा जा रहा है कि कनिका घर के अंदर अपनी अलग नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही हैं।
कनिका की टीम का कहना है कि घर में किसी मुद्दे पर सवाल उठाना, गलत के खिलाफ आवाज उठाना और अपनी राय रखना अब नैरेटिव सेट करना कहलाने लगा है। टीम ने इस सोच को दोहरे मापदंड बताते हुए सोशल मीडिया पर एक कड़ा बयान साझा किया।
टीम ने लिखा, “यह काफी हैरान करने वाली बात है कि अब लोग खुद एक नैरेटिव बना रहे हैं और कह रहे हैं कि कनिका मान नैरेटिव सेट कर रही हैं। सवाल उठाना, सही के लिए खड़ा होना, गलत को गलत कहना और अपनी बात रखना अब नैरेटिव सेट करना कहलाने लगा है। लेकिन क्या इस समय बाकी सभी लोग भी यही नहीं कर रहे हैं? घर के अंदर और बाहर हर कोई कनिका मान के खिलाफ अपना नैरेटिव बनाने में लगा हुआ है।”
टीम ने आगे इस पूरे मामले को ‘One vs All’ की लड़ाई बताते हुए कहा कि कनिका जिस तरह अकेले खड़ी होकर हर परिस्थिति का सामना कर रही हैं, उस पर उन्हें गर्व है। टीम ने उनकी मानसिक मजबूती की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका हौसला है। साथ ही टीम ने फैंस से कनिका को सपोर्ट करने और ट्रॉफी घर लाने की अपील भी की।
इस बयान से साफ है कि कनिका की टीम उनके गेम को लेकर हो रही आलोचनाओं से सहमत नहीं है। टीम का मानना है कि अपनी राय रखना और गलत चीजों पर सवाल उठाना किसी के खिलाफ नैरेटिव बनाना नहीं है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि Bigg Boss 20 के आने वाले एपिसोड्स में कनिका मान का गेम किस तरह आगे बढ़ता है और क्या वह तमाम विरोध के बीच दर्शकों का समर्थन हासिल कर ट्रॉफी तक पहुंच पाती हैं।