टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ के आने वाले एपिसोड में आर्य और अनु की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। एक तरफ आर्य अपनी कंपनी को डूबने से बचाने के लिए परिवार का घर गिरवी रखने का फैसला करेगा, तो दूसरी तरफ अनु के हाथ कुछ ऐसा सुराग लगेगा, जिससे आर्य के खिलाफ रची जा रही साजिश का पर्दाफाश हो सकता है।
स्टूडियो LSD के प्रोडक्शन में बन रहे इस शो में कंपनी की बिगड़ती आर्थिक स्थिति आर्य के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बिजनेस को बचाने के लिए उसे वर्धन हाउस गिरवी रखकर लोन लेने की सलाह दी जाती है। यह सुनकर गायत्री हैरान रह जाती है और आर्य से पूछती है कि क्या समस्या का कोई दूसरा समाधान नहीं है। इस पर आर्य बताता है कि वह हर मुमकिन कोशिश कर चुका है, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। आखिरकार कंपनी को बंद होने से बचाने के लिए वह परिवार का घर गिरवी रखने के लिए तैयार हो जाता है।
वहीं, दूसरी तरफ अनु गुड्डू को मैथ्स पढ़ाने में उसकी मदद कर रही होती है। नंबर सीक्वेंस समझाते समय गुड्डू उसे 100 रुपये का एक नोट दिखाता है और उसके सीरियल नंबर में कुछ अजीब बात की ओर ध्यान दिलाता है। अनु जब नोट को ध्यान से देखती है, तो उसके दिमाग में एक नया विचार आता है। उसे शक होता है कि वर्धन हाउस और आर्य के ऑफिस में मिले पैसों के नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे हो सकते हैं। अगर ऐसा है, तो किसी ने जानबूझकर दोनों जगह पैसे रखकर आर्य को फंसाने की कोशिश की होगी। यह बात अनु के लिए साजिश के पीछे छिपे शख्स तक पहुंचने का बड़ा सुराग बन सकती है।
इसी बीच मीरा को यश के कैमरे से खिंचवाई गई तस्वीरें मिल जाती हैं। तस्वीरों को देखने के दौरान उसकी नजर आर्य और राजनंदिनी की एक फोटो पर पड़ती है। यह तस्वीर देखकर मीरा काफी खुश हो जाती है, क्योंकि उसे लगता है कि इससे आर्य के खिलाफ अपनी योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मीरा अनु को उसके सात दिनों वाले चैलेंज की भी याद दिलाती है। वह साफ कर देती है कि आने वाले दिन आर्य और अनु दोनों के लिए आसान नहीं होने वाले हैं और वह अपनी चालें चलने से पीछे नहीं हटेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अनु दोनों जगह मिले नोटों के सीरियल नंबर मिलाकर आर्य को फंसाने वाले शख्स का पता लगा पाएगी? वहीं, आर्य और राजनंदिनी की तस्वीर का इस्तेमाल करके मीरा कौन-सी नई चाल चलने वाली है? शो के आने वाले एपिसोड में इन सवालों के जवाब मिलेंगे।